असामाजिक तत्वों ने खलिहान में लगाई आग, धान समेत पुआल जलकर राख
जरमुंडी थाना क्षेत्र में असामाजिक तत्वों ने एक खलिहान में आग लगा दी, जिससे किसान उमाशंकर यादव की धान की फसल और पुआल जलकर नष्ट हो गए। किसान ने बटाई में खेत लेकर फसल उगाई थी। घटना की सूचना पर सामाजिक...

जरमुंडी। जरमुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत जरमुंडी मध्य विद्यालय के पीछे बनाए गए खलिहान में असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगा देने से शनिवार को धान की फसल और पुआल समेत हजारों रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। पीड़ित किसान उमाशंकर यादव ने बताया कि वह बटाई में दूसरे से खेत लेकर धान के फसल की खेती किया था। उसने जरमुंडी मध्य विद्यालय के पीछे एक खलिहान बनाया था, जिसमें धान की फसल काटकर डंगनी की जा रही थी। इस क्रम में शनिवार को किसी असामाजिक तत्वों द्वारा उसके खलिहान में आग लगा दिया गया। दो-चार दिन के भीतर बाहरी कुछ काम निपटाकर धान झाड़ना था, किन्तु ऐन मौके पर असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगाने से उसे बड़ी क्षति हो गई। उमाशंकर ने बताया कि बटाई में जो खेत लिया था, जिसका खेत था उसको क्या जवाब दूंगा? उसकी मेहनत तो बेकार गई ही खेती में लगी पूंजी भी डूब गई। परिवारिक उतरदायित्व की उम्मीद भी जलकर नष्ट हो गई। इधर घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता निरंजन मंडल द्वारा जरमुंडी अंचलाधिकारी से दूरभाष पर बात करते जानकारी दी गई तथा पीड़ित किसान को मुआवजा देने की मांग की गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।