खूंटी में डबल मर्डर! महिला और युवक को किडनैप कर धारदार हथियार से मार डाला
झारखंड के खूंटी में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां के घाघरा गांव स्थित तजना नदी पुल के नीचे से शुक्रवार की सुबह एक महिला और युवक का शव मिला। मृतकों की पहचान लोहरदगा के भंडरा स्थित चट्टी बड़गाई की रहने वाली नेहा कुमारी और उसी गांव में नेहा के पड़ोसी अरुण राणा के रूप में हुई है।

खूंटी के घाघरा गांव स्थित तजना नदी पुल के नीचे से शुक्रवार की सुबह एक महिला और युवक का शव मिला। मृतकों की पहचान लोहरदगा के भंडरा स्थित चट्टी बड़गाई की रहने वाली नेहा कुमारी और उसी गांव में नेहा के पड़ोसी अरुण राणा के रूप में हुई है। मृतका नेहा के परिजनों का आरोप है कि गुमला से अपहरण के बाद उसके पति कुंदन प्रजापति और उसके साथियों ने मिलकर दोनों की धारदार हथियार से और सिर कूचकर हत्या दी। खबर लिखे जाने तक खूंटी थाने में केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी।
बताया जा रहा है कि मृतका के पिता भोला ठाकुर ने बताया कि नेहा की छोटी बहन निशा की शादी शनिवार को होनी थी। शादी समारोह में शामिल कराने के लिए नेहा अपने पांच वर्षीय बेटे को लाने गुरुवार की शाम पड़ोसी अरुण के साथ बाइक से गुमला जिले के करंज थाना क्षेत्र स्थित दूड़िया गांव स्थित ससुराल गई थी। वहां नेहा के पति कुंदन प्रमाणिक ने बच्चे को शादी में भेजने से इनकार कर दिया। इसको लेकर पति-पत्नी में विवाद भी हुआ। फिर नेहा करंज थाने पहुंची और पुलिस से बेटे को दिलाने की गुहार लगाई। पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने पर नेहा वहां से लौट रही थी। परिजनों का आरोप है कि लौटने के क्रम में नेहा का पति कुंदन अपने तीन-चार साथियों के साथ एसयूवी से पहुंचा और बाइक को पीछे से टक्कर मारकर दोनों को गिरा दिया। इसके बाद नेहा और अरुण का अपहरण कर एसयूवी में बैठाकर खूंटी के तजना नदी के पुल पर लाकर दोनों की धारदार हथियार से वार कर और सिर कूचकर हत्या के बाद शव को पुल से नीचे फेंक दिया। सूचना पर एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, खूंटी थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, सोयको थाना प्रभारी पीआर पांडेय और पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
जिस घर में आज बजनी थी शहनाई, वहां से निकलेगी अर्थी
खूंटी/गुमला/लोहरदगा, हिटी। लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के चट्टी बड़गाई गांव निवासी भोला ठाकुर की पुत्री 25 वर्षीया नेहा कुमारी और उसी गांव में पड़ोसी प्रकाश राम उस्ताद (जयप्रकाश राणा) के 21 वर्षीय पुत्र अरुण कुमार राणा की हत्या के बाद गांव में मातम पसरा है। भोला ठाकुर की छोटी पुत्री और नेहा (मृतका) की छोटी निशा कुमारी का विवाह 11 जुलाई यानी शनिवार को ही तय था। आज माहौल ऐसा है कि जिस घर में शहनाई बजने वाली थी, वहां से अर्थी निकलेगी।
परिजनों के अनुसार, यदि नेहा अपने पांच वर्षीय जिगर के टुकड़े (बेटे) को विवाह में शामिल कराने के लिए उसे लेने अपनी ससुराल गुमला जिले के सिसई प्रखंड अंतर्गत करंज थाना क्षेत्र के डुम्बा दूड़िया गांव नहीं गई होती तो आज वह जिंदा होती। इतना ही नहीं, पड़ोसी मुंहबोला भाई 21 वर्षीय अरुण राणा भी जिंदा होता। परिजनों के अनुसार, नेहा के पति ने जब बेटे को शादी समारोह में शामिल होने के लिए भेजने से सीधा इनकार कर दिया, तब नेहा नौ जुलाई को करंज थाने गई थीं। वहां अर्जी देकर यह मांग की थी कि वह अपने बेटे को मौसी के शादी के लिए ले जाना चाहती है। विवाह के दो दिन बाद ही उसे सम्मान के साथ पहुंचा देगीं। थाने में तैनात पुलिस अधिकारी ने कहा कि थाना प्रभारी दो दिन बाद आएंगे, तभी कुछ हो सकेगा। निराश होकर नेहा, अरुण के साथ घर लौट रही थी। परिजनों का आरोप है कि लौटने के क्रम में नेहा का पति कुंदन अपने तीन-चार साथियों के साथ एसयूवी से पहुंचा और बाइक को पीछे से टक्कर मारकर दोनों को गिरा दिया। इसके बाद नेहा और अरुण का अपहरण कर एसयूवी में बैठाकर खूंटी के तजना नदी के पुल पर लाकर दोनों की धारदार हथियार से वार कर और सिर कूचकर हत्या के बाद शव को पुल से नीचे फेंक दिया। घटना को अंजाम देने के बाद कुंदन खूंटी से एसयूवी के जरिए तमाड़ बिरसा चौक स्थित अपनी बहन के घर गया। एसयूवी को बिरसा चौक में ही खड़ा कर दिया। बहन के घर पानी पीने के बाद वह वहां से फरार हो गया। इधर, सूचना पर एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, खूंटी थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, सोयको थाना प्रभारी पीआर पांडेय और पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
शादी के कार्ड से हुई दोनों की पहचान
घटनास्थल के पास एक शादी का कार्ड मिला, जिसके आधार पर पुलिस ने मृतकों की पहचान की। कार्ड पर अंकित मोबाइल नंबर के माध्यम से परिजनों को सूचना दी गई। एफएसएल जांच के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो (जेएच-15 एए-5556) को रांची जिले के बुंडू थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया है। एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा ने बताया कि मामले के हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है।
नेहा तीन साल से पति से अलग मायके में रह रही थी
मृतका के पिता भोला ठाकुर ने बताया कि नेहा की शादी लगभग छह वर्ष पहले गुमला जिले के डोरिया गांव निवासी कुंदन प्रामाणिक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। इस संबंध में नेहा ने पति के खिलाफ लोहरदगा के भंडरा और गुमला के करंज थाने में दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मामला दर्ज है। मामला वर्तमान में न्यायालय में लंबित है। पति से विवाद के कारण वह पिछले तीन वर्षों से अपने मायके में रह रही थी। परिजनों का यह भी आरोप है कि कुंदन का बुंडू क्षेत्र की एक महिला से संबंध था और उसने संभवतः दूसरी शादी भी कर ली थी। इसी कारण वह नेहा से छुटकारा पाना चाहता था। वहीं नेहा के चाचा रोशन ठाकुर ने कहा कि अगर करंज थाने की पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेती और बच्चे को नेहा को दिला देते तो शायद नेहा के साथ उसे सहयोग कर रहे मुंहबोला भाई अरुण की भी जान बच जाती।
रात तीन बजे तक नहीं मिली नेहा, निराश लौटे पिता
अपनी बेटी नेहा और अरुण को ढूंढ़ने के लिए एक एसयूवी से नेहा के पिता करंज गए। कुछ पता नहीं चलने पर निराश होकर मध्य रात्रि के बाद करीब तीन बजे निराश होकर घर लौट गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि नेहा और अरुण भाई-बहन की तरह ही गांव में बचपन से रहते आ रहे थे। भोला ठाकुर की दो बेटियां ही हैं। इसमें अब नेहा की हत्या हो चुकी है। नेहा से अरुण चार साल छोटा था। उसे दीदी कह कर पुकारता था।
पड़ोसी की मदद करना पड़ा भारी : प्रकाश
अरुण कुमार राणा के पिता ने बताया कि उनका बेटा केवल पड़ोसी होने के नाते नेहा की मदद करने उसके ससुराल गया था। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी के विवाद में अरुण की भी निर्मम हत्या कर दी गई। अरुण अविवाहित था और अपने पिता के साथ फर्नीचर का काम सीख रहा था। बेटे की मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
पुलिस ने तेज की जांच
एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। एफएसएल टीम की रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और बरामद स्कॉर्पियो के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी फरार है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों ने दावा किया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
परिजनों ने पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल
परिजनों ने नेहा के पति और उसके साथियों पर अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं करंज थाना प्रभारी ने बताया कि नेहा गुरुवार शाम में थाने आई थी। उसे अगले दिन तक इंतजार करने की सलाह दी गई थी। इधर, परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई होती तो दोनों की जान बच सकती थी। फिलहाल खूंटी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Mohammad Azamसंक्षिप्त विवरण
मोहम्मद आजम पिछले 3.5 सालों से पत्रकारिता कर रहे हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में बतौर कंटेंट प्रोडूसर काम कर रहे हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: मोहम्मद आजम पिछले तीन सालों से ज्यादा समय से पत्रकारिता कर रहे हैं। कम समय में आजम ने पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया की बारीकियां सीखी हैं और अब भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट न्यूज टीम में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
आजम ने ग्रेजुएशन तक विज्ञान की पढ़ाई की है, लेकिन राजनीतिक विषयों में रुचि उनको पत्रकारिता की तरफ खींच लाई। आजम ने अपना पोस्ट ग्रेजुएशन देश के अग्रणी संस्थानों में से एक भारतीय जनसंचार संस्थान से पूरा किया। विज्ञान बैकग्राउंड होने के चलते आजम को फैक्ट आधारित पत्रकारिता करने में महारत हासिल है।
राजनीतिक पत्रकारिता में आजम
आजम की देश की राजनीति में काफी रुचि है। आजादी के पहले से लेकर आजादी के बाद की राजनीतिक घटनाओं की कई किताबों का अध्ययन होने के चलते अच्छी समझ है। यही कारण रहा कि आजम ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत राजनीतिक बीट से की। राजनीति के साथ आजम क्राइम और सोशल मीडिया पर वायरल चल रही खबरों में भी अच्छी महारत हासिल है।
पत्रकारिता का उद्देश्य
आजम का मानना है कि पत्रकारिता जनपक्षीय होनी चाहिए। पत्रकारिता के दौरान अपनी भावनाओं को काबू में रखकर तथ्य आधारित पत्रकारिता आजम को जिम्मेदार बनाती है। पत्रकारिता में आजम तथ्य आधारित सूचनाएं पहुंचाने के साथ ही, साहित्यिक लेखन में भी महारत हासिल है।
विशेषज्ञता ( Area of Expertise )
पॉलिटिकल और क्राइम की खबरें
राजनीति से जुड़े लोगों के इंटरव्यू
क्राइम और वायरल खबरें
पॉलिटिकल एक्सप्लेनर


