रचनात्मकता व समरसता पर केंद्रित होगा युवा महोत्सव अंतर्नाद
धनबाद में बीबीएमकेयू इंटर कॉलेज का युवा महोत्सव 'अंतरनाद' 16 से 18 जनवरी तक होगा। मुख्य अतिथि पद्मश्री मुकुंद नायक उद्घाटन करेंगे। महोत्सव में धनबाद और बोकारो के कॉलेजों के छात्र प्रतिभा दिखाएंगे। तीन दिनों में 27 प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। समापन समारोह में सिंफर निदेशक मुख्य अतिथि होंगे।

धनबाद, मुख्य संवाददाता। बीबीएमकेयू इंटर कॉलेज युवा महोत्सव अंतर्नाद रचनात्मकता व समरसता पर केंद्रित होगा। 16 जनवरी से 18 जनवरी तक चलने वाले युवा महोत्सव का आयोजन न्यू टाउन हॉल के साथ मेजबान पीके राय कॉलेज परिसर में होगा। न्यू टाउन हॉल में मुख्य अतिथि पद्मश्री मुकुंद नायक समारोह का उद्घाटन करेंगे। यह जानकारी पीके राय कॉलेज की प्राचार्य डॉ कविता सिंह ने पत्रकार वार्ता में बुधवार को दी। युवा महोत्सव में धनबाद व बोकारो के कॉलेजों के छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। विजेता छात्र-छात्राएं ईस्ट जोन युवा महोत्सव व राष्ट्रीय महोत्सव में हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि गुरुवार की शाम हाइब्रिड मोड में टीम मैनेजर की बैठक होगी।
शुक्रवार को जिला परिषद से सांस्कृतिक झांकी निकलेगी, जिसे कुलपति प्रो रामकुमार सिंह हरी झंडी दिखाएंगे। यह रणधीर वर्मा चौक, एसएसएलएनटी कॉलेज होते हुए न्यू टाउन पहुंचेगी। न्यू टाउन हॉल में दोपहर 12 बजे उद्घाटन समारोह शुरू होगा, जो एक बजे खत्म होगा। तीन दिनों में 27 प्रतियोगिताएं होंगी। न्यू टाउन हॉल में 16 जनवरी की दोपहर दो बजे ग्रुप सांग इंडियन के साथ प्रतियोगिता शुरू होगी। पहले दिन चार प्रतियोगिताएं (ग्रुप सांग इंडियन, ग्रुप सांग वेस्टर्न, स्किट व ऑन द स्पॉट पेंटिंग) होंगी। दूसरे दिन न्यू टाउन हॉल के साथ पीके राय कॉलेज में भी प्रतियोगिताएं होंगी। न्यू टाउन हॉल में नौ और पीके राय कॉलेज में 11 प्रतियोगिताएं होंगी। अंतिम दिन चार प्रतियोगिताओं के बाद समापन समारोह होगा। समारोह में सिंफर निदेशक मुख्य अतिथि होंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




