एमपी के 56 युवाओं का दल शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण पर धनबाद पहुंचा

हिन्दुस्तान, धनबाद
Follow us on Google News
share

झारखंड के युवाओं की टीम मध्य प्रदेश के 56 युवाओं का दल शुक्रवार को धनबाद पहुंचा। भारत सरकार की युवा संगम फेज-6 पहल के तहत यह यात्रा हो रही है। कार्यक्रम में पद्मश्री जामुना टुडू को सम्मानित किया गया। दल शैक्षणिक, सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों का भ्रमण करेगा।

एमपी के 56 युवाओं का दल शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण पर धनबाद पहुंचा

धनबाद, मुख्य संवाददाता। झारखंड के युवाओं की टीम के मध्य प्रदेश का भ्रमण कर वापस लौटने के बाद अब मध्य प्रदेश के 56 युवाओं का दल शुक्रवार को धनबाद पहुंचा। भारत सरकार की युवा संगम फेज-6 पहल के तहत मध्य प्रदेश के 56 युवा प्रतिनिधिमंडल के झारखंड भ्रमण की शुरुआत आईआईटी आईएसएम धनबाद से हुई। संस्थान के पेनमैन ऑडिटोरियम में प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया गया। यह दल 20 जून तक झारखंड में रहेगा। इस दौरान राज्य के शैक्षणिक, सांस्कृतिक, औद्योगिक तथा धार्मिक स्थलों का भ्रमण करेगा। बताते चलें कि यह यात्रा युवा संगम फेज-6 के तहत होने वाले पारस्परिक आदान-प्रदान कार्यक्रम का हिस्सा है। इससे पहले आईआईटी धनबाद के समन्वय में झारखंड का 42 सदस्यीय युवा दल 26 मई से 4 जून तक मध्य प्रदेश और आईआईटी इंदौर के भ्रमण पर गया था। वहां प्रतिभागियों को राज्य की संस्कृति, प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक गतिविधियों और नवाचार से जुड़ी पहलों को करीब से जानने का अवसर मिला।

पद्मश्री जामुना टुडू को किया गया सम्मानित

इस दौरान वन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पद्मश्री जामुना टुडू को संस्थान की ओर से सम्मानित किया गया। जामुना टुडू को जंगलों की रक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए उनके लंबे संघर्ष के कारण देशभर में विशेष पहचान मिली है। कार्यक्रम में झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती आकर्षक छऊ नृत्य की प्रस्तुति भी दी गई, जिसे युवा प्रतिनिधियों ने काफी सराहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. एमके सिंह डीन एकेडमिक आईआईटी धनबाद ने की। मौके पर प्रो. एसके गुप्ता डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर, प्रो. संजय मंडल एसोसिएट डीन स्टूडेंट्स एक्टिविटीज, प्रो. मधुलिका गुप्ता, प्रो. निप्तिका जाना, प्रो. यू. बंसल, मृत्युंजय शर्मा, ए कुमार, एमके मंगलम, शिवजी पांडेय भी उपस्थित थे।

धनबाद, बोकारो, रांची, देवघर का करेंगे भ्रमण

यात्रा के दौरान प्रतिभागी मैथन डैम एवं हाइड्रो पावर प्लांट, मां कल्याणेश्वरी मंदिर, आईआईटी (आईएसएम) का जियोलॉजिकल म्यूजियम एवं लॉन्गवॉल गैलरी, देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम एवं बासुकीनाथ मंदिर, बोकारो स्टील प्लांट, राजभवन रांची, बीआईटी मेसरा, रॉक गार्डन, बिरसा मुंडा संग्रहालय, पारसनाथ पहाड़, तोपचांची डैम तथा आईआईटी धनबाद के आईटूएच भवन स्थित इनोवेशन सेंटर और एआई-रोबोटिक्स सुविधाओं का अवलोकन करेंगे。

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

युवा संगम फेज-6 क्या है?
युवा संगम फेज-6 एक पारस्परिक आदान-प्रदान कार्यक्रम है जिसके तहत विभिन्न राज्यों के युवा प्रतिनिधियों का भ्रमण होता है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।