मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान को धार देंगे युवा कांग्रेसी
धनबाद में युवा कांग्रेस की पहली कार्यकारिणी बैठक हुई, जिसमें संगठन को मजबूत करने और युवाओं को जोड़ने पर चर्चा की गई। मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान की रणनीति पर भी विचार हुआ। नवनीत कौर ने कहा कि युवा कांग्रेस जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष करेगी।

धनबाद, प्रमुख संवाददाता प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कुमार गौरव एवं प्रदेश प्रभारी नवनीत कौर की उपस्थिति में जिला युवा कांग्रेस की प्रथम कार्यकारिणी बैठक जिलाध्यक्ष आदित्य आनंद के नेतृत्व में हुई। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने, युवाओं को संगठन से जोड़ने एवं मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश युवा कांग्रेस की प्रभारी नवनीत कौर ने कहा कि युवा कांग्रेस संगठन की रीढ़ है। जिला युवा कांग्रेस की यह प्रथम कार्यकारिणी बैठक संगठन को नई दिशा और नई ऊर्जा देने का कार्य करेगी। केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण युवा, मजदूर और गरीब वर्ग सबसे अधिक परेशान हैं।
मनरेगा जैसी योजनाओं को कमजोर कर गरीबों से उनका अधिकार छीना जा रहा है। युवा कांग्रेस मनरेगा बचाओ संग्राम से सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाएगी। युवा प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव ने कहा कि कांग्रेस द्वारा पूरे राज्य एवं देश में चलाए जा रहे मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान को लेकर विशेष चर्चा की गई। केंद्र सरकार की नीतियों के कारण मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को कमजोर किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और बेरोजगार युवाओं के सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने संगठनात्मक मजबूती, वार्ड व प्रखंड स्तर पर सक्रियता बढ़ाने, जनसमस्याओं को लेकर आंदोलनात्मक रणनीति एवं जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष को तेज करने पर जोर दिया। जिला युवा अध्यक्ष आदित्य आनंद ने संकल्प लिया कि जिले के प्रत्येक प्रखंड, पंचायत एवं वार्ड स्तर पर चौपाल, जनसंपर्क अभियान एवं आंदोलन से मनरेगा बचाओ संग्राम को मजबूती दी जाएगी। पूर्व युवा प्रदेश अध्यक्ष अभिजीत राज, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवनीत नीरज, योगेंद्र सिंह योगी, युवा प्रदेश उपाध्यक्ष आमिर हाशमी, राजीव रंजन कुमार, टिंकू अंसारी, आकिब जावेद, अनवर शमीम, खुर्शीद अंसारी, आमिर खान, युवा जिला उपाध्यक्ष तबरेज खान, विशाल महतो, आशा खातून, विक्की कुमार, सूरज वर्मा, सोनू यादव थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




