
सनकी युवक ने 102 साल की परदादी को पटक कर मार डाला
सिजुआ के नगरीकला गांव में एक युवक ने मामूली विवाद के चलते अपनी 102 वर्षीय परदादी की हत्या कर दी। आरोपी रवि रवानी को पुलिस ने तुरंत गिरफ्तार किया। मृतका की बहू ने मामला दर्ज कराया है। रवि अक्सर घर में झगड़ा करता था, और घटना के बाद भागने की कोशिश की।
सिजुआ, प्रतिनिधि तेतुलमारी थाना क्षेत्र के नगरीकला गांव में मंगलवार की शाम एक सनकी युवक ने मामूली विवाद में अपनी 102 साल की परदादी की पटक कर हत्या कर दी। घटना के बाद फरार होने की कोशिश कर रहे आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में मृतका टुकिया देवी की बहू दासी रवानी के लिखित आवेदन पर तेतुलमारी थाना में आरोपी रवि रवानी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। दासी रवानी ने बताया कि रवि अक्सर घर में मारपीट और झगड़ा करता रहता था। मंगलवार की शाम भी किसी बात को लेकर उसकी परदादी से नोकझोंक हो रही थी।
इसी दौरान रवि ने घर का दरवाजा बंद कर अपनी वृद्ध परदादी को उठाकर जमीन पर पटक दिया। इससे वह अचेत हो गई। इसके बाद आरोपी दरवाजा खोलकर आंगन में बैठ गया। घटना की सूचना पंचायत के मुखिया को दी गई। इसके बाद परिजन वृद्धा को अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसकी जानकारी रवि को हुई तो वह घर से भागने का प्रयास करने लगा। इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंची और खदेड़कर उसे पकड़ लिया। इस संबंध में कतरास इंस्पेक्टर मुकेश चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




