Dhanbad News: बारिश के बीच मनेगा श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव
Dhanbad News: धनबाद में बुधवार को हल्की बूंदाबांदी हुई, अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा। जन्माष्टमी पर 4 सितंबर को बादल छाए रहने और बारिश की संभावना है। शहर में मंदिरों की सजावट के बीच बारिश तैयारी को प्रभावित कर सकती है। अगले दिनों में भी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है।

Dhanbad News: धनबाद, संवाददाता। धनबाद में बुधवार को दिनभर से लेकर देर शाम तक हल्की बूंदाबांदी होती रही। बुधवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर धनबाद में मौसम का मिजाज भी बदला-बदला रहेगा। 4 सितंबर को जन्माष्टमी के दिन आसमान में बादल छाए रहने और एक-दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। ऐसे में शहर में मंदिरों की सजावट, झांकियों और जन्मोत्सव की तैयारियों के बीच बारिश खलल डाल सकती है। वर्ष 2026 में मुख्यरूप से जन्माष्टमी 4 सितंबर को मनाई जाएगी। मौसम केंद्र रांची के 2 सितंबर के पूर्वानुमान के अनुसार धनबाद सहित आसपास के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहेंगे और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
4 सितंबर को धनबाद सहित राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्से में बादल छाए रहने के साथ गरज के साथ बारिश हो सकती है। 5 और 6 सितंबर को भी मौसम ऐसा ही बने रहने का अनुमान है।मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को कई स्थानों पर गरज, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 2 सितंबर तक धनबाद में 842.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश 841 मिमी है। यानी जिले में अब तक बारिश सामान्य के लगभग बराबर रही है।


