
जल संकट में सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की इनडोर सेवा फंसी
संक्षेप: धनबाद सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की इनडोर सेवाएं जल संकट के कारण प्रभावित हैं। अस्पताल का इनडोर ब्लॉक तैयार है, लेकिन पानी का कनेक्शन न मिलने से मरीजों को भर्ती नहीं किया जा रहा है। ओपीडी ही चालू है, और अधिकारियों ने नगर निगम को कई पत्र भेजे हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
धनबाद, प्रमुख संवाददाता। 163 करोड़ रुपए की लागत से तैयार धनबाद सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की इनडोर सेवा जल संकट में फंस गई है। अस्पताल का इनडोर ब्लॉक पूरी तरह तैयार है, लेकिन अबतक पानी का कनेक्शन नहीं मिलने से इनडोर ब्लॉक का संचालन शुरू नहीं हो रहा है, जिससे डॉक्टरों की तैनाती के बावजूद मरीजों को भर्ती नहीं लिया जा रहा है। सिर्फ ओपीडी का संचालन हो रहा है। अधिकारियों की मानें तो हॉस्पिटल परिसर में जलापूर्ति के लिए नगर निगम और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को कई बार पत्र भेजे गए हैं। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के बार-बार अनुरोध के बावजूद अबतक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

परिणामस्वरूप ऑपरेशन थिएटर (ओटी) से लेकर मशीनों के इंस्टॉलेशन और साफ-सफाई का काम अधर में लटका है। प्रबंधन का कहना है कि बिना पानी के कई अहम विभागों को चालू करना संभव नहीं है। ओटी, लैब, वॉर्ड और सफाई व्यवस्था में पानी की आपूर्ति अनिवार्य है। पानी की अनुपलब्धता के कारण न सिर्फ अस्पताल की शुरुआत टल रही है, बल्कि करोड़ों रुपए के आधुनिक उपकरण भी इस्तेमाल में नहीं आ रहे हैं। जैसे ही पानी उपलब्ध होगा, इनडोर सेवा शुरू करने की दिशा में तेजी से पहल होगी। बता दें कि शहरी जलापूर्ति का टावर अस्पताल कैंपस में ही बना है। जहां से मेडिकल कॉलेज और अस्पताल को पानी उपलब्ध कराया जाता है, लेकिन सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल को पानी नहीं मिल रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




