देवप्रभा आउटसोर्सिंग व बीसीसीएल कर्मियों में मारपीट, तीन अभिंयता सहित आधा दर्जन घायल
अलकडीहा में नॉर्थ साउथ तिसरा जीनागोरा परियोजना के रास्ते को काटने के खिलाफ देवप्रभा आउटसोर्सिंग कंपनी और बीसीसीएल के कर्मचारियों के बीच हिंसक झड़प हुई। इस घटना में तीन अभियंता सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए। श्रमिक संगठनों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए झरिया-बलियापुर मार्ग को जाम कर दिया।

अलकडीहा, प्रतिनिधि लोदना क्षेत्र की नॉर्थ साउथ तिसरा जीनागोरा विभागीय परियोजना का रास्ता काटे जाने के खिलाफ गुरुवार की सुबह देवप्रभा आउटसोर्सिंग कंपनी प्रबंधन और बीसीसीएल के विभागीय कर्मियों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इसमें तीन अभियंता सहित आधा दर्जन कर्मी घायल हो गए। आउटसोर्सिंग कंपनी के जीएम शीतला सिंह भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज जियलगोरा अस्पताल तथा केंद्रीय अस्पताल धनबाद में चल रहा है। घटना के विरोध में श्रमिक संगठनों के लोग सड़क पर उतर गए। ठाकुर मोड़ के समीप झरिया-बलियापुर मुख्य मार्ग को लोगों ने संयुक्त मोर्चा के बैनर तले जाम कर दिया। झरिया विधायक रागिनी सिंह, पूर्व विधायक संजीव सिंह भी समर्थकों के साथ पहुंचे।
दोनों ने पुलिस अधिकारियों के सामने हुई मारपीट पर नाराजगी जताई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। इधर, ठाकुर मोड़ पर जनता मजदूर संघ बच्चा गुट के महामंत्री अभिषेक सिंह, पूर्व मेयर इंदु सिंह, आसनी सिंह, भाजपा नेत्री तारा देवी, बीसीकेयू के सुरेश प्रसाद गुप्ता आदि भी पहुंचे थे। मारपीट करने वाले आउटसोर्सिंग कंपनी पर कार्रवाई करने, एफआईआर दर्ज करने की मांग करने लगे। माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था। बीसीसीएल के निदेशक तकनीक संजय कुमार सिंह भी पहुंचे और सभी पक्षों से बातचीत की। रागिनी सिंह एवं संजीव सिंह के साथ भी निदेशक तकनीक की बातचीत हुई। इसके बाद काटे गए रास्ते को भरवा दिया गया। विवाद को देख तिसरा, घनुडीह, अलकडीहा, लोदना, जोड़ापोखर की पुलिस पहुंची। सर्किल इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार भी मौजूद थे। रागिनी-संजीव के साथ साथ सिद्धार्थ गौतम, संतोष सिंह, शैलेंद्र सिंह सहित कई लोग मौके पर मौजूद थे। घटना को लेकर सूचना है कि दोनों पक्षों की ओर से अलकडीहा थाना में शिकायत की गई है। हालांकि अभी तक मामला दर्ज होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एरिया प्रबंधन एवं आउटसोर्सिंग कंपनी की ओर से जीएम शीतला प्रसाद ने थाने में शिकायत की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




