Dhanbad News: आठ लेन में स्ट्रीट लाइट बंद होने पर ग्रामीण आक्रोशित
Dhanbad News: शनिवार को श्रीधरपुर के समीप ग्रामीणों ने बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि सड़क अंधेरे में डूबने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है। हाल ही में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। उन्होंने जिला प्रशासन से उचित रोशनी की व्यवस्था करने की मांग की।

Dhanbad News: आठ लेन सड़क पर लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट को लेकर शनिवार को श्रीधरपुर के समीप ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जिला प्रशासन से सड़क पर तत्काल पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था कराने की मांग की। उनका कहना था कि रात में सड़क अंधेरे में डूब जाने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। करीब 15 दिन पहले दो बाइकों की भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। शुक्रवार रात भी दो बाइक डिवाइडर से जा टकराई। ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर पर्याप्त रोशनी रहती तो हादसों की संभावना कम हो सकती थी।
उन्होंने बताया कि सड़क किनारे लगे बिजली के पोल और उनसे जुड़े तार भी जर्जर हो चुके हैं। इसकी मरम्मत के लिए विद्युत विभाग को कई बार आवेदन दिया गया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने चेताया कि जल्द व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में प्रदीप नापित, राजेश मलिक, बीरबल सिंह, ठाकुर महतो, दानिश कुमार, कृष्णा ठाकुर, श्रीकांत रवानी, हीरालाल सिंह, सुबल मंडल, गणेश महतो आदि शामिल थे।


