हेमंत सरकार के झूठ व लूट के दो साल: भाजपा
धनबाद। झारखंड सरकार के दो साल पूरे होने पर परिसदन में रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर धनबाद भाजपा की ओर से आरोप-पत्र जारी किया गया। आरोप लगाया गया कि...
धनबाद। झारखंड सरकार के दो साल पूरे होने पर परिसदन में रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर धनबाद भाजपा की ओर से आरोप-पत्र जारी किया गया। आरोप लगाया गया कि हेमंत सरकार के दो साल में जनता बेहाल है। जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि लूट, हत्या, बलात्कार, अपहरण, अवैध खनन व नक्सलवाद में वृद्धि हुई है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में झूठ और लूट के दो साल नाम से आरोप-पत्र जारी किया गया। पार्टी की ओर से रणधीर वर्मा चौक पर रविवार को धरना-प्रदर्शन का आयोजन कर हेमंत सरकार का विरोध किया जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह के अलावा उपाध्यक्ष संजय झा, मानस प्रसून, वीरू हांसदा, मिल्टन पार्थ सारथी, चंद्रशेखर मुन्ना व पंकज सिन्हा आदि मौजूद थे। भाजपा ने आरोप लगाया कि केंद्रीय मदद की राशि भी झारखंड सरकार खर्च नहीं कर पा रही है। पूर्व की भाजपा सरकार में शुरू जनहित की योजनाओं एवं कार्यक्रम को भी चलाने में अक्षम साबित हुई है। नियुक्ति वर्ष मनाने का दावा करनेवाली सरकार ने युवाओं के भविष्य को अंधेरे में डाल दिया है। नियोजन नीति से लेकर सरकार की कई नीतियों की मुखालफत की गई। झारखंड सरकार पर आदिवासी व दलित विरोधी होने का भी आरोप लगाया गया। पंचायतों का अधिकार छीना गया। पंचायत चुनाव एवं निकाय तथा निगम चुनाव नहीं कराए जाने को लेकर भी राज्य सरकार की घेराबंदी की गई। स्वास्थ्य व्यवस्था बहदाल है। अस्पतालों में न डॉक्टर हैं व न मुकम्मल दवा उपलब्ध हैं। बिजली संकट ने तो सरकार की पोल खोल दी है। भाजपा सरकार में नक्सली वारदात पर लगाम लगाया गया था। अब नक्सली घटनाओं में वृद्धि हुई है। राज्य में कई नक्सली वारदात हेमंत सरकार के दो साल के कार्यकाल में हो चुके हैं।
