लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


धनबाद, वरीय संवाददाता एसएससी (स्टाफ सेलेक्शन कमिशन) एमटीएस परीक्षा में ब्लूटुथ डिवाइस से कनेक्ट स्पाई ईयरपीस से कदाचार करते हुए दो अभ्यर्थी पकड़े गए। मामले में पुलिस ने रजिस्ट्रेशन मैनेजर की भी संलिप्तता बताते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामला गोविंदपुर थाना क्षेत्र के भुईंफोड़ मंदिर के पास स्थित मिनेरवा डिजिटल परीक्षा केंद्र का है। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता कर बताया कि मिनेरवा डिजिटल में ऑनलाइन परीक्षा संचालित हो रही थी। परीक्षा के दौरान गुरुवार को सेंटर को-ऑर्डिनेटर अंबिका प्रसाद ने जानकारी दी कि परीक्षा की तृतीय पाली में कुछ अभ्यर्थी तकनीकी उपकरणों का प्रयोग कर कदाचार कर रहे हैं।
सूचना पर तुरंत गोविंदपुर थाना की पुलिस परीक्षा केंद्र पहुंची और कदाचार में संलिप्त दो अभ्यर्थियों रौनक कुमार, रामचंद्रपुर, थाना पिपरिया, जिला लखीसराय, बिहार एवं बिटू कुमार, कोचगांव, थाना वारसलीगंज, जिला लखीसराय, बिहार को पकड़ लिया। जांच के दौरान दोनों के पास से दो तकनीकी उपकरण (स्पाई ईयरपीस ब्लूटुथ डिवाइस के साथ) बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान दोनों अभ्यर्थियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। साथ ही बताया कि परीक्षा केंद्र के कर्मचारी (रजिस्ट्रेशन मैनेजर) सारे थाना जिला नालंदा बिहार के रहने वाले शशि कुमार ने कदाचार में प्रयोग किए गए तकनीकी उपकरणों को केंद्र पर ही उपलब्ध कराया। बताया कि केंद्र के बाहर सोल्वर प्रश्नों के उत्तर बता रहे थे। पकड़े गए अभ्यर्थियों ने बताया कि गिरोह में कई अन्य लोग भी शामिल हैं। आठ लाख में बनी बात, 2.5 लाख का अग्रिम भुगतान सिटी एसपी ने बताया कि पूछताछ में बात सामने आई है कि इसमें अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय है। बताया कि रजिस्ट्रेशन मैनेजर ने कदाचार में सहयोग करने के लिए गिरोह के सदस्यों से प्रति अभ्यर्थी आठ लाख रुपए की मांग की थी। 2.5 लाख रुपए अग्रिम के रूप में भुगतान किया गया था। सिटी एसपी ने कहा कि गिरफ्तार रजिस्ट्रेशन मैनेजर शशि कुमार के मोबाइल की जांच करने पर व्हाट्सएप में कई संदिग्ध चैट, अभ्यर्थियों का प्रवेश पत्र एवं लेन-देन से संबधित तथ्य पाए गए हैं। कई अहम सबूत हाथ लगे हैं। इसी के आधार पर गोविंदपुर थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। कांड में संलिप्त अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन कर छापेमारी की जा रही है। 13 तक परीक्षा शेड्यूल भुईंफोड़ मंदिर के पास धनबाद पब्लिक स्कूल रोड में संचालित मिनेरवा डिजिटल परीक्षा केंद्र में 13 तक एग्जाम का परीक्षा शेड्यूल है। इसके बाद 16 से परीक्षा होनी है, लेकिन सेंटर पर कार्रवाई के बाद आगे की परीक्षा होगी या नहीं इस पर संशय है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।