उमस भरी गर्मी से त्राहिमाम, कल से बारिश दिलाएगी राहत
पिछले 48 घंटे से झारखंड में मानसून कमजोर पड़ गया है। दो दिन से बारिश नहीं होने की वजह से धनबाद में अचानक गर्मी बढ़ गई...

पिछले 48 घंटे से झारखंड में मानसून कमजोर पड़ गया है। दो दिन से बारिश नहीं होने की वजह से धनबाद में अचानक गर्मी बढ़ गई है। कड़ी धूप के बीच धनबाद का अधिकतम तापमान 34 डिग्री पहुंच गया है। गर्मी से त्राहिमाम कर रहे लोगों को बुधवार से होनेवाली बारिश राहत दिलाएगी।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वरीय वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बुधवार से पूरे झारखंड में रुक-रुककर बारिश होगी। इससे गर्मी से राहत मिलेगी। इधर सोमवार को दिनभर कड़ी धूप की वजह से लोग गर्मी में त्राहिमाम करते रहे। माथे से टपकता पसीना गर्मी की स्थिति को बयां कर रहा था। मौसम विभाग के अनुसार चार सितंबर तक झारखंड में बारिश होगी। इससे गर्मी से राहत मिलेगी। मंगलवार को भी बारिश झेलनी होगी।
धनबाद में 13 प्रतिशत कम हुई है बारिश
धनबाद में लगातार हो रही बारिश के बावजूद अभी तक सामान्य से कम बारिश हुई है। धनबाद में मानसून आने के बाद से 730 मिलीमीटर बारिश हुई है। जबकि सामान्य रूप से अभी तक 841 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए। मौसम विभाग के अनुसार अगले 15 दिनों में मानसून की विदाई झारखंड से हो जाएगी।
अगले पांच दिनों के तापमान का पूर्वानुमान
दिनांक अधिकतम तापमान
एक सितंबर 34 डिग्री
दो सितंबर 32 डिग्री
तीन सितंबर 31 डिग्री
चार सितंबर 32 डिग्री
पांच सितंबर 33 डिग्री