Dhanbad News: धनबाद के सिजुआ में जमीन धंसी, घर के मलबे में दबा परिवार, बच्चे की मौत, चार घायल
Dhanbad News: सिजुआ, प्रतिनिधि। बीसीसीएल सिजुआ क्षेत्र में भू-धंसान से चार घर जमींदोज हो गए। दिहाड़ी मजदूर गुड्डू बहादुर का परिवार मलबे में फंस गया। स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर उपचार के लिए पांचों को अस्पताल ले जाया गया, जिसमें एक बच्चा मृत पाया गया। ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

Dhanbad News: सिजुआ, प्रतिनिधि। बीसीसीएल सिजुआ क्षेत्र की मोदीडीह कोलियरी अंतर्गत सिजुआ दस नंबर तीन पट्टियां धौड़ा में मंगलवार की सुबह करीब 5.45 बजे जोरदार आवाज के साथ जमीन धंस गई। इससे चार घर जमींदोज हो गए। दिहाड़ी मजदूर गुड्डू बहादुर की पत्नी, दो बेटियां व दो पुत्र गोफ में समा गए। इनके ऊपर घर का मलबा गिर गया। अचानक भू-धंसान से अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया और रस्सी के सहारे गोफ में फंसे पांच लोगों को बाहर निकाला। सभी को कतरास के निचितपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने विक्रम कुमार (5 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। वहीं चंदा देवी (33वर्ष), पूजा कुमारी (17 वर्ष), आरती कुमारी (13 वर्ष) और बाला कुमार (3 वर्ष) अस्पताल में इलाजरत हैं।
घरों और सामान का नुकसान
इधर, गोपी भुइयां, जनार्दन मल्लाह और केदार भुइयां के घर समेत लाखों रुपये के सामान भू-धंसान की जद में आ गए। शिवराखन सिंह के घर के एक कमरे का आधा हिस्सा, बिजली का पोल और पीपल का पेड़ भी गोफ में समा गया। बिजली का पोल गिरने से पूरे इलाके में अंधेरा छा गया।
पुलिस से नोकझोंक
मोदीडीह कोलियरी प्रबंधन ने घटना जायजा लेने के बाद आसपास के 12 घरों को आंशिक खतरे की दृष्टि से चिह्नित किया है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मुख्य मार्ग पर टायर जलाकर नारेबाजी की गई तथा स्कूल बसों को भी रोका गया। सड़क जाम होने से कतरास-केंदुआडीह व कपूरिया मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर केंदुआडीह थाना प्रभारी जेपी महतो, पुटकी इंस्पेक्टर वकार हुसैन समेत जोगता, तेतुलमारी, कपूरिया, भागाबांध, सोनारडीह, कतरास, अंगारपथरा, लोयाबाद, मुनीडीह और गोंदुडीह थाने की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस से नोकझोंक भी हुई।
15 घंटे के बाद उठाया शव
घटना के करीब आठ घंटे बाद बच्चे का शव सिजुआ दस नंबर चौक पर रखकर लोग मुआवजा व पुनर्वास की मांग को लेकर प्रदर्शन कर धरना पर बैठ गए। सिजुआ क्षेत्रीय कार्यालय में प्रबंधन और आंदोलनकारियों के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। इसमें मृतक के आश्रित को आउटसोर्सिंग में नियोजन देने, तत्काल सिजुआ स्टेडियम में अस्थायी रूप से रहने की व्यवस्था करने तथा धनबाद सेंट्रल अस्पताल में इलाज कराने पर सहमति बनी, लेकिन मृतक के परिजन को 50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग पर वार्ता विफल हो गई। हालांकि घटना के करीब 15 घंटे के बाद सड़क से शव को उठा लिया गया। वार्ता में जीएम निझर चक्रवर्ती, जीएम सिक्यूरिटी कुरैशी, एपीएम जगदीश कर्मकार, कांग्रेस नेता अशोक लाल, दिनेश आजाद और संतोष भुइयां शामिल थे।
घटना काफी दुखद है। मृतक के प्रति संवेदना है। पुनर्वास को लेकर प्रबंधन पूरी तरह तैयार है।
विष्णुकांत झा, जीएम, कतरास क्षेत्र


