सिंफर गेट पर जाम से राहत, पर रॉन्ग साइड बनी नई मुसीबत
धनबाद के बरटांड स्थित सिंफर गेट के पास कट बंद किए जाने के बाद ट्रैफिक व्यवस्था में आंशिक सुधार हुआ है। लोग वैकल्पिक कट से गुजर रहे हैं, लेकिन रॉन्ग साइड में प्रवेश करने वाले वाहन चालकों की लापरवाही से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। ट्रैफिक पुलिस ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्ती तो कर रही है, लेकिन रॉन्ग साइड के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।

धनबाद। बरटांड स्थित सिंफर गेट के पास कट बंद किए जाने के बाद यहां की ट्रैफिक व्यवस्था में आंशिक सुधार देखने को मिला है। पहले जहां दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती थी, वहीं अब ट्रैफिक अपेक्षाकृत सुचारू हुआ है। वाहन अब चंद्र विहार कॉलोनी के पास बनाए गए वैकल्पिक कट से होकर गुजर रहे हैं, जिससे सिंफर गेट के सामने लगने वाले लंबे जाम से लोगों को राहत मिली है। हालांकि, ट्रैफिक विभाग की इस पहल के साथ एक नई समस्या भी सामने आ गई है। पंडित क्लीनिक रोड और हाउसिंग कॉलोनी की ओर से आने वाले कई वाहन चालक नियमों को दरकिनार कर रॉन्ग साइड में प्रवेश कर रहे हैं। पहले सिंफर गेट के सामने कट खुला रहने के कारण लोग छोटी दूरी तय कर आसानी से सिटी सेंटर-बरवाअड्डा रोड पकड़ लेते थे, लेकिन अब लंबा घुमाव होने के कारण लोग पंडित क्लीनिक रोड से चंद्र विहार कॉलोनी तक रॉन्ग साइड का सहारा ले रहे हैं।
समस्या और खतरे
इस लापरवाही के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कई बार बड़े वाहन भी रॉन्ग साइड में घुस जाते हैं, जिससे न सिर्फ जाम लगता है बल्कि हादसे की आशंका भी बनी रहती है। पहले भी इस इलाके में रॉन्ग साइड ड्राइविंग के कारण कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्ती, रॉन्ग साइड पर ढिलाई
गौरतलब है कि सिंफर गेट के सामने ट्रैफिक पुलिस की ओर से लगभग रोजाना ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ अभियान चलाया जाता है। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने और कागजातों की कमी पर दर्जनों चालान काटे जाते हैं। लेकिन हैरानी की बात यह है कि रॉन्ग साइड में चलने वालों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती।
वर्जन
बीच- बीच में रॉन्ग साइड चलने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया जाता है। लेकिन लोगों में सिविक सेंस डेवलप करने की जरुरत है। जल्द ही पंडित क्लनिक मोड़ पर एक बोर्ड लगाया जाएगा, जिसमें रॉन्ग साइड के बजाए सिटी सेंटर से मुड़कर जाने को निर्देषित किया जाएगा। जरुरत पड़ी तो वहां स्थाई रुप से एक जवान की तैनाती की जाएगी।
अरविंद कुमार सिंह, ट्रैफिक डीएसपी
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


