अवैध खनन का विरोध करने पर अंगारपथरा में गोलियां चलीं

हिन्दुस्तान, धनबाद
Follow us on Google News
share

अंगारपथरा ओपी क्षेत्र में गुरुवार रात बदमाशों ने जुबैर खान के घर पर हमला किया। उन्होंने हवाई फायरिंग की और पत्थरबाजी की, जिससे स्थानीय लोग डर गए। जुबैर ने अवैध कोयला खनन का विरोध किया था, जिसके चलते हमलावरों ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

अवैध खनन का विरोध करने पर अंगारपथरा में गोलियां चलीं

अंगारपथरा ओपी क्षेत्र के खास अंगारपथरा में गुरुवार रात अचानक गोलियों की आवाज और पत्थरबाजी से दहशत फैल गई। बदमाशों ने स्थानीय निवासी जुबैर खान के घर पहुंचकर जमकर उत्पात मचाया और हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत का माहौल बना दिया। घटना के बाद परिवार के लोग सहम गए, जबकि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। जुबैर खान ने बताया कि क्षेत्र में बंद पड़ी मां अंबे माइनिंग आउटसोर्सिंग परियोजना के पैच में अवैध कोयला खनन शुरू कराने की कोशिश की जा रही थी। उन्होंने इसका विरोध किया था। आरोप है कि विरोध से नाराज कुछ लोग गुरुवार रात 10-12 समर्थकों के साथ उनके घर पहुंचे और जबरन अवैध खनन का रास्ता साफ करने का दबाव बनाने लगे।

जुबैर के अनुसार विरोध करने पर बदमाशों ने रिवॉल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और लगातार तीन राउंड हवाई फायरिंग कर दी। इस दौरान घर पर पत्थरबाजी भी की गई। घटना से घर की महिलाएं और बच्चे भयभीत होकर बाहर निकल आए। शोर सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिसके बाद हमलावर मौके से भाग निकले। सूचना मिलते ही अंगारपथरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया, हालांकि वहां से किसी प्रकार का खोखा बरामद नहीं हुआ। ओपी प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिली है, लेकिन अब तक लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।