
धीरेंद्रपुरम में विवाहिता की मौत, ससुराल वालों पर हत्या का आरोप
धनबाद के धीरेंद्रपुरम में 29 वर्षीया स्पांजलि कुमारी की संदेहास्पद परिस्थिति में मौत हो गई। परिवार ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। स्पांजलि के पति और सास ने दहेज के लिए प्रताड़ित किया था, और उसकी मौत को साजिश मानते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
धनबाद, मुख्य संवाददाता। धैया के धीरेंद्रपुरम में रहने वाली 29 वर्षीया स्पांजलि कुमारी की सोमवार की देर रात संदेहास्पद परिस्थिति में मौत हो गई। मृतक के भाई और परिवारवालों ने मंगलवार को ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए धनबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। कोडरमा के तिलैया के गुमो निवासी विपिन कुमार सिंह ने आवेदन में बताया कि उनकी बहन स्पांजलि की चार मई-2017 को धैया के धीरेंद्रपुरम कॉलोनी निवासी स्व विनोद कुमार सिंह के पुत्र अमृत सिंह उर्फ राजा रणवीर सिंह के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद से ही पति, सास नीलम सिंह और देवर राजा रणधीर सिंह बहन को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे।

दहेज के रूप में पैसे के अलावा फॉर्च्यूनर गाड़ी की मांग की जा रही थी। आरोपी हमेशा बहन को गाली-गलौज करते थे। मारपीट भी की जा रही थी। विपिन ने जिस विनोद सिंह के पुत्रों और पत्नी पर आरोप लगाया है, उसी विनोद सिंह की हत्या में यूपी के बलिया के जिला परिषद अध्यक्ष रामधीर सिंह ताउम्र की सजा काट रहे हैं। बहनोई पर विवाहेत्तर संबंध का लगाया आरोप: विपिन ने बताया कि मायके वालों से बातचीत नहीं करने दिया जाता था। स्पांजलि को मायके भी जाने नहीं देते थे। बहन अक्सर व्हाट्सऐप कॉल कर अपनी पीड़ा बताती थी। बहन बताती थी कि अमृत का किसी अन्य महिला से विवाहेत्तर संबंध है। बार-बार अमृत बहन को छोड़ने की धमकी देता था। तीन बार मौखिक रूप से पारिवारिक समझौता कराया गया था। बहन परिवार टूटने के डर से थाने जाने से मना करती थी। उसे भूखे रखकर शारीरिक यातनाएं दी जा रही थीं। पति नशे की हालत में उसके साथ गलत करता था। उनकी सितम से बहन काफी कमजोर हो गई थी। ससुराल वाले मारपीट में हुए जख्म का भी इलाज नहीं कराते थे। विवाहिता के बीमार होने की सूचना पर पहुंचा भाई: विपिन ने पुलिस को बताया कि एक दिसंबर की शाम सवा पांच बजे अमृत सिंह ने स्पांजलि की गंभीर रूप से बीमार होने की सूचना उसके भाई विपिन को दी। सूचना पर जब सोमवार की रात साढ़े नौ बजे विपिन अपने चचेरे भाई व चाची के साथ असर्फी अस्पताल पहुंचे तो देखा कि बहन वेंटिलेटर सपोर्ट पर है। उसका पूरा शरीर पीला पड़ गया था। कुछ देर बाद डॉक्टरों ने बहन को मृत बता दिया। विपिन ने दावा किया कि सोची-समझी साजिश के तहत बहन की हत्या की गई है। इसके लिए पति अमृत सिंह, सास नीलम सिंह, देवर राजा रणधीर सिंह और अमृत की कथित प्रेमिका जिम्मेदार हैं। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




