बेलगड़िया के लोगों को सरकारी योजना का लाभ देने के लिए होगा सर्वेः डीडीसी

Newswrap हिन्दुस्तान, धनबाद
Follow us on Google News
share

बेलगड़िया टाउनशिप में रहने वाले विस्थापित परिवारों को सरकारी योजना का लाभ देने के लिए पहले सर्वे होगा। लाभुकों की सूची बनेगी और योग्यता के अनुसार...

बेलगड़िया के लोगों को सरकारी योजना का लाभ देने के लिए होगा सर्वेः डीडीसी

धनबाद विशेष संवाददाता

बेलगड़िया टाउनशिप में रहने वाले विस्थापित परिवारों को सरकारी योजना का लाभ देने के लिए पहले सर्वे होगा। लाभुकों की सूची बनेगी और योग्यता के अनुसार सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। स्वरोजगार के साधनों का भी विकास होगा। सर्वे के लिए बेलगड़िया में शिविर भी लगेगा। डीडीसी शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।

बैठक में डीडीसी ने कहा कि बेलगड़िया में रहनेवाले सभी विस्थापित परिवारों पर जिला प्रशासन की नजर है। इसकी बेहतरी के उपाय किए जाएंगे। पहले चरण में कल्याणकारी योजनाओं से यहां के लोगों को जोड़ना है। इसके बाद स्वरोजगार के साधनों का विकास किया जाना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभागों में समन्वय बनाएं। वहां कैंप लगा कर वास्तविक स्थिति की जानकारी लें। विस्थापित परिवारों को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें। इसके हासिल करने के तरीके के बारे में बताए।

आधार कार्ड के पता में भी होगा बदलाव

डीडीसी ने कहा कि बेलगड़िया में रहने वाले परिवारों के आधार कार्ड तो बने हुए हैं लेकिन पता बेलगड़िया के स्थान पर उनके पूर्व के निवास स्थानों का है। इससे विस्थापित परिवारों को परेशानी होती है। पता बदलने के लिए भी बेलगड़िया में कैंप लगाया जाए। इससे वहां के लोगों को बैंक खाते खुलवाने, आयुष्मान कार्ड बनवाने, पेंशन योजना से जुड़ने और राशन कार्ड बनवाने में मदद मिलेगी। डीडीसी ने कहा कि बेलगड़िया में स्कूल की स्थिति में भी सुधार होगा। वहां पढ़ने वाले छात्रों के अभिभावकों से मिले और बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करने को कहें। बच्चों को पोशाक देने, वजीफा आदि की सुविधा देने का निर्देश भी डीडीसी ने दिया। बैठक में सिविल सर्जन डॉ श्याम किशोर कांत, निदेशक एनईपी इंदु रानी, डीपीओ महेश भगत, डीएसओ भोगेंद्र ठाकुर, डीएसडब्ल्यूओ स्नेह कश्यप, डीएसई इंद्रभूषण सिंह, डीईओ प्रबला खेस, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ईशा खंडेलवाल, डीआईओ सुनीता तुलस्यान, कार्यपालक दंडाधिकारी अमर प्रसाद, एलडीएम नकुल कुमार साहू, डीडीएम नाबार्ड, जिला परिषद, पंचायती राज, पशुपालन, मत्स्य, गव्य विकास, सहकारिता सहित अन्य विभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।