
क्रिकेट व बास्केटबॉल की टीम नहीं बना पा रहे कॉलेज
धनबाद के बीबीएमकेयू व बोकारो के कॉलेजों के छात्र-छात्राएं इंटर कॉलेज स्पोर्ट्स में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। इस कारण कई प्रतियोगिताएं आयोजित नहीं हो पा रही हैं। चास कॉलेज और बीएस सिटी कॉलेज में क्रिकेट और बास्केटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन नहीं हो सका। कॉलेजों में खेल सुविधाओं की कमी भी एक कारण है।
धनबाद। बीबीएमकेयू (बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय) धनबाद व बोकारो के कॉलेजों के छात्र-छात्राएं कई इंटर कॉलेज स्पोर्ट्स में अपनी दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। यही कारण है कि कई प्रतियोगिताओं का न तो आयोजन हो पा रहा है और न ही कॉलेज व विश्वविद्यालय की टीम बन पा रही है। चास कॉलेज चास व बीएस सिटी कॉलेज बोकारो की मेजबानी में मंगलवार को इंटर कॉलेज क्रिकेट टूर्नामेंट व इंटर कॉलेज बॉस्केटबॉल का आयोजन होना था। दोनों प्रतियोगिताओं के लिए कॉलेजों की टीम तैयार नहीं हो पाई। न्यूनतम तीन टीमों के हिस्सा नहीं लेने के कारण इंटर कॉलेज क्रिकेट व बॉस्केटबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन नहीं हो पाया।

इंटर कॉलेज टूर्नामेंट नहीं होने के कारण अब क्रिकेट व बॉस्केटबॉल की विश्वविद्यालय टीम भी तैयार नहीं हो पाएगी। वहीं जानकारों का कहना है कि एआईयू से संबंधित खेल में उक्त विश्वविद्यालय के खिलाड़ी का प्रदर्शन अन्य विश्वविद्यालयों के ईद-गिर्द हो, लेकिन बीबीएमकेयू का प्रदर्शन कम बेहतर होने के कारण आर्चरी में टीम नहीं जा सकी। संबंधित खिलाड़ी को भाग लेने पर तीन हजार रुपए अधिक भुगतान करना पड़ता है। कई कॉलेजों में खेल का मैदान समेत अन्य सुविधाएं नहीं: वहीं छात्र संघ प्रतिनिधियों का कहना है कि कई कॉलेजों में खेल के मैदान समेत अन्य सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं। कॉलेजों में महाविद्यालय स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन नहीं होता है। इंटर कॉलेज स्पोर्ट्स का कैलेंडर जारी होने पर कुछ कॉलेजों की ओर से नोटिस निकाला जाता है कि संबंधित खेल में दिलचस्पी है तो अपना आवेदन दें। इस कारण कई खेलों में छात्र-छात्राएं हिस्सा नहीं ले पाते हैं। विश्वविद्यालय व कॉलेज प्रबंधन कॉलेज स्तर पर खेलकूद के विकास पर ध्यान दे तो निश्चित रूप से एक-से-एक खिलाड़ी सामने आएंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




