Dhanbad News: आउटसोर्सिंग टेंडर की शर्तों के खिलाफ कुलपति का पुतला फूंका
Dhanbad News: आजसू छात्र संघ ने बीबीएमकेयू के कुलपति का पुतला जलाया और टेंडर के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि टेंडर की शर्तें स्थानीय छात्रों और उद्यमियों के लिए अवसर सीमित करती हैं। इसने एक बड़ी कंपनी को फायदा पहुंचाने की संभावनाओं को जन्म दिया है। संघ ने तीन प्रमुख संशोधन की मांग की है।

Dhanbad News: धनबाद, प्रमुख संवाददाता। आजसू छात्र संघ ने शनिवार को बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) के कुलपति का पुतला जलाया और प्रदर्शन किया। संघ विश्वविद्यालय प्रशासन की नीतियों और एमटीएस सहित विभिन्न पदों के लिए जारी मैनपावर आउटसोर्सिंग टेंडर का विरोध कर रहा था। इसका नेतृत्व आजसू छात्र संघ के प्रदेश महासचिव विशाल महतो ने किया। विशाल महतो ने आरोप लगाया कि टेंडर की तकनीकी बिड में ऐसी शर्तें रखी गई हैं, जिससे स्थानीय छात्रों, युवाओं, उद्यमियों और छोटे सेवा प्रदाताओं के लिए अवसर सीमित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे निविदा में प्रतिस्पर्धा कम होगी और बड़ी कंपनियों को लाभ मिलने की संभावना है।आजसू
छात्र संघ ने टेंडर में तीन प्रमुख संशोधन की मांग की। इनमें एमएसएमई एवं पात्र स्थानीय संस्थाओं को निर्धारित छूट का लाभ देना, छह करोड़ रुपये की निविदा में 20 करोड़ रुपये के टर्नओवर की शर्त हटाना तथा पूरे एमटीएस टेंडर में पासारा लाइसेंस की अनिवार्यता समाप्त करना शामिल है। मौके पर आजसू के प्रदेश सचिव नितेश महतो, रौनक कुमार, विवेक महतो, प्रेम पांडेय, राज हाजरा, सुदामा महतो, कबीर यदुवंशी, गौतम धीबर, भोला पासवान सहित कई छात्र नेता-कार्यकर्ता मौजूद थे।

