किस्मत वालों को मिलता है श्याम तेरा दरबार...पर झूमे भक्त
श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव के दूसरे दिन रंगभरी एकादशी पर मंदिर से शोभा यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने बाबा का अभिषेक किया और भजन गायिका नेहा गुप्ता ने भक्ति गीत प्रस्तुत किए। महोत्सव में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। अंतिम दिन बाबा की मंगला आरती और छप्पन भोग का आयोजन किया जाएगा।

श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को रंगभरी एकादशी पर मंदिर परिसर से निशान शोभा यात्रा निकाली गई। झरिया श्री श्याम मित्र मिलन मंदिर से 2501, चांदी के 51, हीरापुर श्री श्याम ध्वजा पद यात्रा से 2001, धनसार से 151 और करकेंद से 101 निशान अर्पित किए गए। इस दौरान सांवरे सरकार की जय, खाटू नरेश की जय और 'हारे का सहारा बाबा श्री श्याम हमारा' के जयकारों से क्षेत्र गुंजायमान रहा। सुबह पंडित कैलाश पांडेय व मुन्ना पांडेय ने 'ऊं श्री श्याम देवाय नम:', 'ऊं श्याम देवाय बर्बरीकाय हरये परमात्मने' मंत्र के साथ बाबा का अभिषेक शुरू कराया।
यजमान के रूप में प्रेम गोयल, दीपक अग्रवाल, राजीव सांवतिया, सुनील अग्रवाल, चंचल गोयल, मोनू अग्रवाल, देव कुमार व खुशबू आदि सपरिवार उपस्थित थे। गंगाजल, दूध, दही, शहद, घी, फूल, फल और इत्र आदि से बाबा का अभिषेक किया गया। इसके बाद विभिन्न फूलों, तुलसी दल और इत्र से श्याम प्रभु का अलौकिक शृंगार हुआ। शृंगार पूजा में रामचंद्र अग्रवाल सहित दो जोड़े यजमान के रूप में बैठे। बाबा के अलौकिक दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शाम को संध्या आरती के बाद ज्योत पूजा हुई और बाबा की अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई। इसके बाद कोलकाता से आई भजन गायिका नेहा गुप्ता ने गणेश वंदना के साथ भजन कीर्तन की शुरुआत की। गायक सूरज-अनुराग ने 'तेरा किसने किया सिंगार सांवरे...', 'कीर्तन की है रात आज बाबा आ जाना...', 'हमारी दौलत है झरिया वाला...' और 'मेरे सांवरे अपनी दया का खजाना तुम्हें आज हम पे लुटाना पड़ेगा...' जैसे भजनों से भक्तिरस की बरसात कर दी। नेहा गुप्ता ने 'किस्मत वालों को मिलता है श्याम तेरा दरबार...', 'कन्हैया तो हमारा साथी है...', 'अच्युतम केशवं कृष्ण दामोदरं...' और 'आज एकादशी की रात है बाबा थाने आनो है...' आदि भजनों के माध्यम से महिमा का गुणगान किया। वहीं कोलकाता की 'स्पर्श नृत्य नाटिका' कंपनी के कलाकारों ने सभी प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। महोत्सव को सफल बनाने में रघुवीर गोयल, शिव कुमार अग्रवाल, नवीन पोद्दार, अभिषेक अग्रवाल, विवेक सिंगल, संदीप कथूरिया, नीलेश अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, दिनेश चिनानिया, राजेश तुलस्यान, पवन अग्रवाल, आलोक अग्रवाल, संजय केडिया, आयुष जालान व यशवंत अग्रवाल सक्रिय रहे। महोत्सव के अंतिम दिन शनिवार को तड़के बाबा की मंगला आरती की जाएगी। दोपहर में छप्पन भोग लगाया जाएगा, जिसके बाद भजन कीर्तन एवं पूर्णाहुति होगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



