कतरी नदी तट पर प्रस्तावित श्याम बाबा मंदिर स्थल का संतों ने किया अवलोकन
कतरास में सूर्य मंदिर प्रांगण में श्री श्याम बाबा मंदिर का निर्माण शुरू होने जा रहा है। संत हजारी लाल इंदौरिया ने राजस्थान के सूरजगढ़ से आकर निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रस्ट के अधिकारियों को महत्वपूर्ण सुझाव दिए और मंदिर के लिए भूमिपूजन 23 अप्रैल को आयोजित करने की जानकारी दी।

कतरास, प्रतिनिधि। कतरास शहर स्थित कतरी नदी तट पर सूर्य मंदिर प्रांगण में प्रस्तावित श्री श्याम बाबा मंदिर निर्माण को लेकर शुक्रवार को राजस्थान के सूरजगढ़ से संत हजारी लाल इंदौरिया पहुंचे। इस दौरान उन्होंने श्री श्याम शरणम् सेवा ट्रस्ट के सौजन्य से प्रस्तावित मंदिर निर्माण स्थल का निरीक्षण किया तथा पूरे प्रोजेक्ट की रूपरेखा की विस्तार से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान इंदौरिया जी ने मंदिर की भूमि, वास्तु व्यवस्था और निर्माण की योजना को ध्यानपूर्वक देखा तथा भव्य मंदिर निर्माण को लेकर ट्रस्ट के पदाधिकारियों और सेवादारों को महत्वपूर्ण सुझाव व मार्गदर्शन दिया। उन्होंने इस धार्मिक कार्य के लिए ट्रस्ट की राष्ट्रीय कार्यकारिणी, पदाधिकारियों और सभी सेवादारों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि बाबा श्याम की कृपा से यह मंदिर जल्द ही भव्य स्वरूप में तैयार होगा।
सूरजगढ़ जैसे ऐतिहासिक धाम से उनके आगमन पर श्रद्धालुओं द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके बाद वे पचगढ़ी बाजार स्थित सालासर बालाजी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और पुष्प अर्पित किया। उन्होंने मंदिर निर्माण कार्य में जुटे सेवादारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और आस्था से यह कार्य अवश्य सफल होगा। आचार्य रासबिहारी शर्मा और राजबिहारी शर्मा ने बताया कि प्रस्तावित मंदिर को भव्य रूप दिया जाएगा, जिसमें राजस्थान से विशेष पत्थर मंगाकर निर्माण कराया जाएगा तथा आकर्षक प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने बताया कि आगामी 23 अप्रैल को मंदिर निर्माण के लिए भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए सूरजगढ़ से बालाजी ध्वज भी मंगाया जा चुका है। इस अवसर पर डॉ. वीएन चौधरी, किशोरी गुप्ता, संदीप आबुसरिया, विजय गुप्ता, श्रृजल गुप्ता, दिनेश सेन सहित कई श्रद्धालु उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


