
निरसा गोलीकांड में चार लड़कों पर फायरिंग व छिनतई का आरोप
धनबाद में पेट्रोल पंप के पास हुई फायरिंग में बालू और पत्थर कारोबारी पारस सिंह के पुत्र राणा सौरभ सिंह घायल हो गए। उनके चाचा राणा रंजीत ने बताया कि चार लड़कों ने साजिश के तहत सौरभ को गोली मारी, जबकि उनके भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
धनबाद, मुख्य संवाददाता निरसा के देवियाना गेट पर पेट्रोल पंप के पीछे हुई फायरिंग मामले में घायल विशुनपुर नाला के पास रहने वाले बालू व पत्थर कारोबारी पारस सिंह के पुत्र राणा सौरभ सिंह का दिल्ली में इलाज चल रहा है। घटना के तीन दिन बाद राणा सौरभ के चाचा राणा रंजीत सिंह ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि उनके भतीजे ने खुद को गोली नहीं मारी, बल्कि चार लड़कों ने साजिश रच कर भतीजे को गोली मारी है। राणा रंजीत ने बताया कि उनके भाई पारस सिंह ने मामले में 19 दिसंबर को ही निरसा थाना में लिखित शिकायत देकर स्थिति स्पष्ट की है।
पुलिस को दिए आवेदन में बताया गया है कि घटना के दिन शाम सात बजे सौरभ पेट्रोल पंप पहुंचे थे। उनके स्टाफ सुमित कुमार ने फोन करके बताया था कि जयप्रकाश नगर निवासी प्रीतम कुमार, विशुनपुर निवासी अमित साहू, कार्मिक नगर निवासी अजीत सिंह और मंटू सिंह ने मिल कर उनके भतीजे को गोली मारी है। चारों पहले से पेट्रोल पंप पहुंच हुए थे। आरोपियों को पता था कि उनके भतीजे की गाड़ी में लाइसेंसी पिस्टल रहती है। चारों ने 50 लाख रुपए रंगदारी की मांग की। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मंटू, अमित और अजीत ने सौरभ को पकड़ा और प्रीतम ने उस पर फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद गाड़ी में रखा दो लाख रुपए लेकर चारों भाग गए। पिस्टल वहीं फेंक दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




