प्रेमी व भाई के साथ मिल बेटी ने कराई थी रेलकर्मी की हत्या
धनबाद में रेलकर्मी बीरवल रजक की हत्या उसके ही बच्चों ने की। पुत्री रितु ने प्रेमी फरदीन और भाई रोहित के साथ मिलकर पिता की हत्या की साजिश बनाई। रितु ने बताया कि पिता ने हमेशा उनके साथ मारपीट की, जिससे तंग आकर उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

धनबाद, मुख्य संवाददाता पांच जनवरी को वाच एंड वार्ड पंपू तालाब में मिले रेलकर्मी बीरवल रजक के शव के पीछे की कहानी ने रिश्तों को तार-तार कर दिया। बीरवल को मौत के घाट उतारने में कोई और नहीं बल्कि उसकी ही दो संतानों के हाथ थे। बीरवल की पुत्री रितु ने अपने प्रेमी बिहार अरवल निवासी फरदीन खान और भाई रोहित कुमार के साथ मिल कर इस हत्याकांड की साजिश रची थी। पुलिस ऑफिस के सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए गुरुवार को सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने इस हत्याकांड का खुलासा किया। हरि मंदिर रोड पेट्रोल पंप निवासी बीरवल सिग्नल विभाग में कार्यरत थे।
पुलिस ने तीनों गिरफ्तार आरोपियों को गुरुवार को जेल भेजा। हत्या में संलिप्तता स्वीकार करते हुए रितु ने पुलिस को बताया कि पिता उसे और उसकी मां के साथ नशे में हमेशा गाली-गलौज व मारपीट करते थे। इसलिए प्रेमी फरदीन के साथ मिल कर उनकी हत्या की योजना बनाई। भाई रोहित को भी साजिश में शामिल किया। चार जनवरी को रितु के कहने पर रोहित मटन लाया। शाम में रोहित मटन और शराब लेकर पिता के साथ पंपू तालाब के किनारे पहुंचा। रितु ने प्रेमी फरदीन को भी वहां भेज दिया। रोहित और फरदीन ने बीरवल की शराब में नशीली दवा मिला कर उन्हें पिला दी। दोनों ने भी साथ में शराब पी। इसी बीच बीरवल ने सिगरेट पीने की इच्छा जताई तो दोनों उसे रोहित की बाइक में बैठा कर बलियापुर आमटाल के पास एक खाली मैदान में पहुंचे। वहां बीरवल के ही मफलर से गला घोंट कर उनकी हत्या कर दी। वापस पंपू तालाब लाकर शव को पानी में फेंक दिया। सिटी एसपी ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बाइक, मृतक का मफलर और शराब की बोतलों को जब्त कर लिया गया है। मौके पर डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम के साथ उद्भेदन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले धनबाद थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडेय, सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत कुमार, एसआई अभिषेक कुमार तिवारी, अजय कुमार सिंह और राजेश कुमार उपस्थित थे। --- हत्या के बाद तीनों भाग गए थे नेपाल हत्या के बाद फरदीन चार जनवरी की ही रात गंगा दामोदर से गया जी गया था। रास्ते में मृतक का मोबाइल फेंक दिया और अगले दिन वापस धनबाद आया। रातभर रितु के घर पर उसके साथ रहा। छह जनवरी को अपने दोस्त रौशन के पास वाराणसी चला गया। 10 जनवरी को रितु और रोहित भी वाराणसी पहुंचे। तीनों वहां वाराणसी के घाट घुमे और रात में सभी बस से नेपाल चले गए। नेपाल पहुंचने पर रोहित और रितु की मां ने फोन कर बताया कि थाना में बुलाया गया है। इस पर रोहित और रितु धनबाद आ गए, जबकि फरदीन को पुलिस ने गया जी से गिरफ्तार कर लिया। --- शादी के पहले से रितु का चल रहा था फरदीन से चक्कर रितु ने पुलिस को बताया कि आईकॉम में फेल होने के कारण उसने पढ़ाई छोड़ दी। ब्यूटिशियन का कोर्स करने के दौरान 2019 में फरदीन से दोस्ती और प्यार हुआ। मुस्लिम होने के कारण पिता ने उससे शादी नहीं करने दी। 2022 में ओडिशा के युवक से उसकी शादी हो गई। फरदीन से बातचीत के कारण पति से अनबन हो गई। 2024 में गर्भपात के बाद वह मायके हिल कॉलोनी आ गई। पिता ने शराब के नशे में पांच नवंबर 2025 को उसके और उसकी मां से मारपीट की थी। वह दूसरों के साथ अनैतिक कार्य का दबाव बनाते थे। इसी से खिन्न होकर पिता की हत्या की योजना बनाई। --- हैदराबाद में एक माह तक प्रेमी के साथ रही थी रितु रितु ने बताया कि जून 2025 में वह अपने प्रेमी के पास हैदराबाद गई थी। वहां दोनों एक महीने तक एक-दूसरे के साथ पति-पत्नी की तरह रहे, फिर रितु वापस धनबाद लौट आई। रोहित और फरदीन ने बताया कि कई बार दोनों ने बीरवल की हत्या की कोशिश की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। --- लोन चुकाने में चला जाता था 50 हजार महीना पुत्र रोहित ने बताया कि पिता की शराब की लत के कारण उसकी पढ़ाई छूट गई। पिता ने मोटा कर्ज ले रखा था। मां ने बैंक से लोन लेकर कर्ज चुकाया था। हर महीने पिता के वेतन का 50 हजार रुपए लोन में कट जाता था, 20-22 रुपए ही बचते थे। इसमें भी आधा पिता शराब में फूंक देते थे। घर काफी मुश्किल से चल रहा था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




