ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड धनबादशशि ने मारी थी सुरेश सिंह को गोली: दून

शशि ने मारी थी सुरेश सिंह को गोली: दून

सकलदेव सिंह के भाई दून बहादुर सिंह ने कहा कि शशि सिंह ने सुरेश सिंह की हत्या की...

शशि ने मारी थी सुरेश सिंह को गोली: दून
हिन्दुस्तान टीम,धनबादWed, 26 Jun 2019 02:18 AM
ऐप पर पढ़ें

सकलदेव सिंह के भाई दून बहादुर सिंह ने कहा कि शशि सिंह ने सुरेश सिंह की हत्या की है। ऐसा उन्होंने सेंट्रल अस्पताल में हत्या के दिन सुना था। दून बहादुर सिंह मंगलवार को सुरेश सिंह हत्याकांड में जिला एवं सत्र न्यायाधीश 11 अरविंद कुमार पांडेय की कोर्ट में गवाही देने पहुंचे थे। एपीपी अनिल कुमार झा ने दून बहादुर के अलावा एंबुलेंस चालक धर्मेंद्र सिंह और रोहित सिंह को कोर्ट में गवाही के लिए प्रस्तुत किया था। तीनों गवाहों ने अपना बयान दर्ज करया।

छठे गवाह के रूप में हाजिर दून बहादुर सिंह ने कहा कि घटना के समय वह सिजुआ स्थित अपने घर पर थे। सुरेश सिंह उनके बहनोई थे। सुरेश सिंह की पत्नी व उनकी बहन ने फोन पर सूचना दी थी कि सुरेश सिंह धनबाद क्लब में एक शादी समारोह में गए थे, जहां उन्हें गोली लग गई है। सूचना पाकर वह भी सेंट्रल अस्पताल पहुंचे तो देखा कि सुरेश सिंह की मृत्यु हो गई है। वहां लोगों को बातचीत करते सुना कि शशि सिंह ने सुरेश की हत्या की है। शशि सिंह के साथ उनके परिवार की पुराना अदावत चल रही थी। उनके भाई विनोद सिंह और सकलदेव सिंह की हत्या शशि सिंह के पिता (रामधीर सिंह) ने की थी। इसी सिलसिले में इस घटना को अंजाम दिया गया था। पुलिस अस्पताल में पहले से मौजूद थी। सुरेश सिंह की मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार हुई, जिस पर उन्होंने अपना हस्ताक्षर बनाया था।

एंबुलेंस चालक धर्मेंद्र सिंह ने कोर्ट को बताया कि सात दिसंबर 2011 को रात समय साढ़े नौ बजे से पौने 10 बजे रात तक वह जालान अस्पताल के कैंपस में था। एक जख्मी की जांच जालाना अस्पताल में हुई, जहां से उसे सेंट्रल हॉस्पिटल सरायढेला भेजा गया। जिले सेंट्रल अस्पताल ले जाया गया, वह जख्मी कौन था, उसे मालूम नहीं।

गवाह रोहित सिंह ने कोर्ट को बताया कि घटना के दिन धनबाद क्लब में रिसेप्शन पार्टी चल रही थी। वह अंदर स्टेज पर था और बाहर गोली चलने की आवाज सुनाई दी। बाद में पता चला कि सुरेश सिंह पार्टी में आए थे, उन पर गोली चली है और सेंट्रल अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई है। गोली किसने चलाई उसे नहीं मालूम।

सुरेश हत्याकांड का कोर्ट में तीन अलग-अलग ट्रायल चल रहा है। एक मामले में आलोक वर्मा ट्रायल फेस कर रहा है। उसके मामले में उच्च न्यायालय से पहले से स्टे किया गया था, जबकि दूसरे ट्रायल में मोनू सिंह और प्रमोद लाला आरोपी है। तीसरा ट्रायल शशि सिंह को फरार दिखाते हुए चलाया जा रहा है। कोर्ट ने गवाही की अगली तारीख 11 जुलाई निर्धारित की है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें