धनबाद में आंधी-बारिश से तापमान गिरा, मौसम हुआ सुहाना
धनबाद में मंगलवार को मौसम अचानक बदल गया, जिससे आंधी और बारिश हुई। कई स्थानों पर पेड़ की डालियां टूट गईं और जलजमाव की स्थिति बन गई। मौसम विभाग ने 9 अप्रैल तक तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है। किसानों और पशुपालकों को सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी गई है।

धनबाद और आसपास के इलाकों में मंगलवार की दोपहर मौसम ने फिर करवट ली। दोपहर बाद आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ की डालियां टूटकर गिर गईं, वहीं बारिश के चलते शहर के विभिन्न हिस्सों में जलजमाव की स्थिति बन गई। हालांकि गर्मी से परेशान लोगों को इस बारिश से काफी राहत मिली और मौसम सुहाना हो गया जबकि देर शाम तक आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश होती रही। मंगलवार को धनबाद का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग की ओर से धनबाद सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए 9 अप्रैल तक तेज हवा, बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है।मंगलवार को हुई बारिश के बाद शहर के निचले इलाकों में जलजमाव देखने को मिला, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर सड़कें पानी से भर गईं, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। हालांकि बारिश थमने के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने लगी।किसानों को चेतावनीमौसम विभाग ने किसानों के लिए विशेष चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि वे अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएं। तेज हवा और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हो सकता है। वहीं पशुपालकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है ताकि वे अपने पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रख सकें और किसी भी तरह के नुकसान से बचा जा सके।एक घंटे तक गुल रही बिजलीबारिश से शहर के कई इलाकों की बिजली लगभग एक घंटे तक गुल रही। सरायढेला, पुलिस लाइन, हीरापुर सहित आसपास कई इलाकों में बिजली बाधित रही। जानकारी के अनुसार तेज हवा के साथ हुई बारिश से पेड़ों की डालियां टूटकर बिजली तार पर गिर गईं, जिससे बिजली में तकनीकी खराबी आ गया। करीब एक घंटे तक लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग की टीम जगह-जगह पर पहुंची और खराबी को ठीक किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


