Dhanbad News: कीचड़ में तब्दील कोलियरी क्षेत्र की मुख्य सड़कें, चक्का जाम की चेतावनी
Dhanbad News: कोयलांचल में मूसलधार बारिश के कारण भौंरा, अलकडीहा और लोदना क्षेत्र की सड़कें दलदली हो गई हैं। पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोग बीसीसीएल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। विधायक ने चेतावनी दी है कि सड़कों की मरम्मत नहीं हुई, तो आंदोलन किया जाएगा।

Dhanbad News: कोयलांचल में पिछले कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण भौंरा, अलकडीहा और लोदना क्षेत्र की मुख्य सड़कें 8 से 10 इंच गहरे जानलेवा दलदल में तब्दील हो चुकी हैं।
सड़कें दलदली
भौंरा से मोहलबनी, डीनोबली मोड़, जयरामपुर-लोदना मार्ग, कुजामा चेकपोस्ट, 6 व 9 नंबर साइडिंग और मोहरी बांध मार्ग पर वाहनों का चलना तो दूर, पैदल राहगीरों और स्कूली बच्चों का चलना भी पूरी तरह दूभर हो गया है। पूर्वी झरिया जीएम कार्यालय, भौंरा कांटा घर, पीएनबी बैंक और शहीद भगत सिंह पार्क तक सड़क का अस्तित्व ही मिट चुका है।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा
सड़क पर फिसलन के कारण स्कूली बच्चे और दोपहिया वाहन चालक रोजाना गिरकर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बीसीसीएल प्रबंधन ने गड्ढे भरने के लिए सड़कों पर मिट्टी डाल दी थी, जो अब जनता के लिए जी का जंजाल बन चुकी है। इस व्यस्त कोयला ट्रांसपोर्टिंग मार्ग से प्रबंधन को रोजाना लाखों का मुनाफा होता है, फिर भी जन सुरक्षा को लेकर वे पूरी तरह मौन हैं।
प्रबंधन की लापरवाही
इस संबंध में भाजपा नेता सह झरिया विधायक प्रतिनिधि मेवालाल रजक ने आक्रोश जताते हुए कहा कि प्रबंधन केवल कागजी खानापूर्ति कर रहा है। यदि प्रभावित सड़कों की तत्काल ठोस मरम्मत नहीं की गई, तो उग्र जन-आंदोलन छेड़ा जाएगा। दूसरी तरफ, लोदना क्षेत्र के महाप्रबंधक एके सिन्हा ने सफाई देते हुए कहा कि जहां भी सड़क खराब होने की सूचना मिल रही है, वहां प्राथमिकता के आधार पर तत्काल मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो वे चक्का जाम करने को बाध्य होंगे。


