
कई स्कूलों में छुट्टी तो कई स्कूल खुले रहेंगे
धनबाद में स्कूली शिक्षा विभाग ने शीतलहर और अत्यधिक ठंड के कारण 8 जनवरी तक नर्सरी से 12वीं कक्षा तक के स्कूल बंद कर दिए हैं। कई पब्लिक स्कूलों ने स्वतः ही स्कूल बंद कर दिए, जबकि कुछ ने जूनियर विंग को बंद किया है। सरकारी स्कूल 9:30 से 2 बजे तक खुलेंगे।
धनबाद, मुख्य संवाददाता स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग ने शीतलहर व अत्यधिक ठंड को देखते हुए आठ जनवरी तक नर्सरी से लेकर 12वीं कक्षा तक के लिए स्कूल बंद कर दिया था। गुरुवार की देर शाम जिले के पब्लिक स्कूलों की ओर से राज्य व जिला शिक्षा विभाग के आदेश पर टकटकी लगाए हुए रहे। स्कूली शिक्षा विभाग रांची की ओर से शाम तक कोई आदेश जारी नहीं किया गया। रांची, गिरिडीह समेत अन्य जिले ने स्थानीय स्तर पर स्कूल बंद कर दिया। धनबाद के स्थानीय स्तर पर कोई आदेश जारी नहीं हुआ। ऐसे में जिले के कई पब्लिक स्कूलों की ओर से ठंड को देखते हुए स्वत: स्कूल बंद कर दिया गया तो कई स्कूलों ने जूनियर विंग को बंद करके सीनियर विंग को खोल दिया है।
सरकारी स्कूल भी शुक्रवार को खुल रहे हैं। दिल्ली पब्लिक स्कूल धनबाद ने 11 जनवरी तक स्कूल बंद कर दिया है। राजकमल में नर्सरी से कक्षा दो तक बंद कर दिया गया है। कक्षा तीन से 12वीं तक के बच्चों की पढ़ाई होगी। डीएवी कोयला नगर में ठंड के कारण नर्सरी से पांचवीं तक की कक्षाएं 10 जनवरी तक स्थगित रहेंगी। वहीं कक्षा छह से 12वीं तक की कक्षाएं शुक्रवार से शुरू होगी। अगले आदेश तक सुबह 9:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेंगी। हीरक ब्रांच धनबाद पब्लिक स्कूल में नर्सरी से 12वीं तक की कक्षाएं शनिवार तक स्थगित रहेंगी। 10वीं व 12वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं निर्धारित समय के अनुसार आयोजित की जाएंगी। कार्मेल धनबाद में भी ठंड के कारण 10 जनवरी तक छुट्टी दी गई है। कार्मेल स्कूल धनबाद 12 जनवरी को खुलेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




