
साढ़े आठ साल बाद झरिया पहुंचे पूर्व विधायक संजीव सिंह, स्वागत
झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह सोमवार को करीब साढ़े आठ वर्षों बाद अपने गृह क्षेत्र पहुंचे। उनके साथ पत्नी रागिनी सिंह भी थीं। समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। संजीव सिंह ने अपने पिता की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और कहा कि झरिया परिवार का हिस्सा है। अब वह नियमित रूप से झरिया आते-जाते रहेंगे।
झरिया, वरीय संवाददाता झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह करीब साढ़े आठ वर्षों के बाद सोमवार को अपनी कर्मभूमि झरिया पहुंचे। साथ में उनकी पत्नी व झरिया की वर्तमान विधायक रागिनी सिंह भी थीं। यहां पर पहुंचते ही सैकड़ों की संख्या में समर्थकों ने गाजे-बाजे, आतिशबाजी और फूल-मालाओं से स्वागत किया। झरिया के कतरास मोड़ पर जुटी भीड़ देखकर लोग यही कयास लगाते रहे कि संजीव सिंह का यह राजनीतिक कदम का आगाज है, क्योंकि उन्होंने एकादशी को ही झरिया आना उचित समझा। उन्होंने जेल से बरी होने के 2 माह बाद झरिया में कदम रखा है। उनके आने की सूचना पर ही धनसार से लेकर झरिया कतरास मोड़ तक जगह-जगह पर समर्थक मौजूद रहे।
सभी ने स्वागत किया। संजीव सिंह सभी से मिले। यहां पर पहुंचकर सबसे पहले अपने पिता व झरिया के पूर्व विधायक मजदूर नेता सूर्यदेव सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद लोकनायक जयप्रकाश नारायण की मूर्ति पर भी माल्यार्पण किया। इस दौरान समर्थक संजीव सिंह और रागिनी सिंह के समर्थन में नारे लगाते रहे। संजीव सिंह ने कहा कि करीब साढ़े आठ वर्ष के बाद झरिया आने का अवसर मिला है। झरिया की धरती से उनके पिता स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह का गहरा लगाव रहा है। पूरा परिवार झरिया को अपना परिवार मानता है। उन्होंने कहा कि जेल जाने के बाद भी जिस तरह कार्यकर्ता सिंह मेंशन परिवार के साथ मजबूती से जुड़े रहे, इसके लिए वह सदैव उनके ऋणी रहेंगे। उन्होंने कहा कि परिवार झरिया का प्रतिनिधित्व सेवा भावना से करता है। पिताजी, माताजी, मैं या मेरी पत्नी रागिनी सिंह या परिवार के सभी सदस्य हर समय झरिया के लोगों की सुख-दुख में तत्पर रहते हैं। अब झरिया आना-जाना लगा रहेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




