एलेप्पी से उतरे यात्री के पास मिला 2.11 लाख का गांजा
धनबाद में अलापुझा-धनबाद एलेप्पी एक्सप्रेस से उतरे यात्री जमील हाशमी के पास से आरपीएफ ने 4.22 किलोग्राम गांजा जब्त किया। गांजे की कीमत 2.11 लाख रुपए बताई जा रही है। जमील ने बताया कि उसने अपने दोस्त पंकज कुमार के कहने पर गांजा लिया था। उसे जेल भेज दिया गया।

धनबाद। अलापुझा-धनबाद एलेप्पी एक्सप्रेस से उतरे एक यात्री के पास से आरपीएफ की टीम ने 4.22 किलोग्राम गांजा जब्त किया। जब्त गांजे की कीमत 2.11 लाख रुपए बताई जा रही है। शनिवार की सुबह 11.05 बजे आरपीएफ की विशेष टास्क टीम ने उत्तर प्रदेश जौनपुर के सुरेरी अनई बाजार निवासी जमील हाशमी को दबोचा। आरपीएफ ने उसे रेल पुलिस के हवाले कर दिया। आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय प्रकाश ने बताया कि एलेप्पी एक्सप्रेस जैसे ही धनबाद स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर छह पर पहुंची अचानक जमील हाशमी ट्रेन की जनरल बोगी से उतर कर भागने लगा। शक होने पर टीम ने उसे खदेड़ कर पकड़ा।
मामला एनडीपीएस से जुड़ा होने के कारण मजिस्ट्रेट के समक्ष जमील हाशमी की तलाशी ली गई और उसके पिट्ठू बैग से चार पैकेट गांजा जब्त किया गया। पूछताछ में जमील ने स्वीकार किया कि वह अपने दोस्त पंकज कुमार के कहने पर वाराणसी से रांची पहुंचा, जहां पर पहले से पंकज उपस्थित था। पंकज ने एक बैग में चार पैकेट गांजा दिया। उसे गांजा लेकर वाराणसी तक जाना था। धनबाद रेल थाना में एएसआई मिलन कुमार पासवान की शिकायत प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


