रोबिन के शतक से नेताजी स्पोर्टिंग बना सुपर डिवीजन टी20 चैंपियन
रोबिन मंडल की तूफानी शतकीय पारी की मदद से नेताजी स्पोर्टिंग क्लब ने स्टार क्लब को 59 रन से हराकर सुपर डिवीजन (एलीट) टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया। नेताजी ने 251 रन बनाए, जिसमें रोबिन ने 38 गेंदों में 118 रन बनाए। स्टार क्लब ने 192 रन बनाकर हार मानी।

रोबिन मंडल की तूफानी शतकीय पारी की मदद से नेताजी स्पोर्टिंग क्लब ने स्टार क्लब को 59 रन से हराकर सुपर डिवीजन (एलीट) टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया है। मुगमा के प्रभात स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए फाइनल में टॉस स्टार ने जीता और नेताजी स्पोर्टिंग को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। नेताजी स्पोर्टिंग ने रोबिन मंडल के शानदार शतक की मदद से निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 251 रन बनाए। रोबिन ने 38 गेंदों में 118 रन बनाए। इसमें उन्होंने नौ चौके व 11 छक्के उड़ाए। उन्होंने अपना शतक 33 गेंदों में ठोक दिया।
इसके पहले 19 गेंदों में रोबिन ने अर्धशतक पूरा किया। राजा कुमार ने 50, सुधीर राय 33 और आकाश कुमार ने 12 रन बनाए। चंदन शर्मा ने 39 पर तीन और सनवर हुसैन ने पांच पर दो विकेट लिए। स्टार क्लब ने भी करारा जवाब दिया। उसके लिए अभिनव सिंह ने 53 गेंदों पर 107 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाजों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के कारण टीम आठ विकेट पर 192 रन ही बना सकी। विभूति भास्कर ने 27 और चंदन शर्मा ने 15 रन बनाए। नेताजी के लिए आदित्य सिंह ने 23 पर चार विकेट लिए। इसके अलावा प्रिंस कुमार पासवान, रजनीकांत, सुधीर राय और राजा कुमार ने एक-एक विकेट लिए। बाद में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में ईसीएल के चिकित्सक डॉ निशांत सिंह ने दोनों टीमों को ट्राफियां प्रदान की। इस अवसर पर अंपायर महेश सिंह व रेवत लाल, स्कोरर दीपक कुमार, लाइव स्ट्रीमर राजेश कुमार सिंह उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


