भूली में रिटायर प्राचार्य के घर नौ लाख के गहने व कार चोरी
भूली ओपी क्षेत्र के रिटायर प्राचार्य अशोक श्रीवास्तव के बंद घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने नौ लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के गहने और उनकी कार चुरा ली। श्रीवास्तव पुणे में अपने बेटे-बहू के पास थे। पड़ोसी लक्ष्मी नारायण लाल ने चोरी की सूचना दी, पुलिस जांच में जुटी है।

भूली ओपी क्षेत्र के भूली बस्ती रोड में हार्डकोक भट्ठा के समीप रहने वाले रिटायर प्राचार्य अशोक श्रीवास्तव के बंद घर का ताला तोड़ कर अज्ञात चोरों ने करीब नौ लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के गहने समेत गैराज में रखे उनकी कार की चोरी कर ली। अशोक श्रीवास्तव नौ मार्च को ही अपना और अपनी पत्नी का इलाज कराने पुणे अपने बेटे-बहू के पास गए थे। घर में ताला बंद था, जिसकी चाभी अपने पड़ोसी लक्ष्मी नारायण लाल को दे रखी थी। लक्ष्मी नारायण लाल प्रतिदिन की तरह वह सुबह घर पहुंचे तो देखा कि घर के मेन गेट, कमरे और गैराज का ताला टूटा हुआ था।
अंदर जाकर देखा तो तीन अलमीरा व एक ट्रंक का भी ताला टूटा हुआ था तथा सारा सामान जहां-तहां बिखरा पड़ा था। लक्ष्मी नारायण लाल ने तत्काल इसकी सूचना अशोक श्रीवास्तव को दी। अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि चोरों ने घर के भीतर रखी तीन अलमारियों के लॉकर और एक बड़े ट्रंक के ताले तोड़ दिए थे। सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर सोने का मांग टीका, सोने की नथिया, सोने की अंगूठी, सोने की नोजपीन, सोने की चेन व लॉकेट, चांदी की पांच जोड़ी पायल, चांदी की कटोरी, चांदी की ग्लास समेत गैराज में खड़ी कार भी चोर अपने साथ ले गए। सूचना पाकर भूली ओपी प्रभारी विश्वजीत ठाकुर मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की। डॉग स्क्वायड व फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया। पुलिस जांच में जुटी है, हालांकि अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। अशोक श्रीवास्तव के पड़ोसी लक्ष्मी नारायण लाल ने घटना की लिखित सूचना भूली पुलिस को दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


