पानी की किल्लत पर भड़का भौंरा व मोहलबनी के लोगों का गुस्सा, जीएम ऑफिस घेरा

Newswrap हिन्दुस्तान, धनबाद
share

भौंरा और मोहलबनी के निवासियों ने जलापूर्ति में अनियमितता के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कांटा घर को बंद कर दिया और महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव किया। प्रबंधन ने एक सप्ताह में समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या हल नहीं हुई, तो वे पूरे पूर्वी झरिया क्षेत्र का चक्का जाम करेंगे।

पानी की किल्लत पर भड़का भौंरा व मोहलबनी के लोगों का गुस्सा, जीएम ऑफिस घेरा

भौंरा, प्रतिनिधि। पिछले कई दिनों से जारी अनियमित और आंशिक जलापूर्ति से परेशान भौंरा और मोहलबनी के निवासियों का धैर्य आखिरकार जवाब दे गया। शुक्रवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं ने पूर्वी झरिया क्षेत्र के भौंरा कांटा घर को बंद कर दिया और महाप्रबंधक कार्यालय का घंटों घेराव कर प्रबंधन विरोधी नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण करीब चार घंटे तक कामकाज ठप रहा। बाद में क्षेत्र के महाप्रबंधक टी. पासवान और आंदोलनकारियों के बीच हुई वार्ता के बाद प्रबंधन ने एक सप्ताह के भीतर जलापूर्ति सुचारू करने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और कांटा घर दोबारा शुरू हो सका।

आक्रोशित लोगों ने कहा कि बिना पानी के जीना दूभर हो गया है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रबंधन हमें या तो पानी दे या फिर जेल भेज दे। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत और धरने के बावजूद समस्या जस-की-तस बनी हुई है। घर का कामकाज ठप होने से सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को उठानी पड़ रही है। पार्षद रीना देवी व अन्य नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो पूरे पूर्वी झरिया क्षेत्र का चक्का जाम कर दिया जाएगा। कहा कि करीब 40 हजार की आबादी प्रबंधन की लापरवाही से पानी के लिए परेशान है। वार्ता में प्रबंधन की ओर से महाप्रबंधक टी. पासवान, सुशील कुमार, रबी राज गोंड और ऋषिकेश कदम मौजूद थे। वहीं प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व पार्षद रीना देवी, मौसम महंती, चंदन महतो, सुबोध सिंह, वीरेंद्र यादव और अन्य स्थानीय प्रतिनिधियों ने किया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।