
हिलटॉप परियोजना विस्तार के विरोध में सिजुआ कॉलोनी वासियों का प्रदर्शन
संक्षेप: सिजुआ क्षेत्र के मोदीडीह कोलियरी में हिलटॉप आउटसोर्सिंग कंपनी के परियोजना विस्तार के खिलाफ कॉलोनी वासियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बिना सूचना ब्लास्टिंग का आरोप लगाया और पुनर्वास की मांग...
सिजुआ, प्रतिनिधि। सिजुआ क्षेत्र के मोदीडीह कोलियरी अंतर्गत संचालित हिलटॉप आउटसोर्सिंग कंपनी की परियोजना विस्तार को लेकर सोमवार रात मशीन चलाए जाने के विरोध में मंगलवार को सिजुआ कॉलोनी वासियों ने परियोजना के समीप जोरदार प्रदर्शन किया। कॉलोनी वासियों ने बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बिना सूचना ब्लास्टिंग किए जाने का आरोप लगाया। कॉलोनी वासियों का कहना है कि परियोजना से सटे लगभग 15 क्वार्टरों में दहशत का माहौल है। उन्होंने तत्काल सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व सुरेश चौधरी ने किया। उन्होंने बताया कि प्रबंधन ने छठ के बाद पुनर्वास का आश्वासन दिया था, लेकिन उससे पहले ही खुदाई कार्य शुरू कर दिया गया।

मशीन चलाने से जियाउद्दीन खान के घर की बाउंड्री वाल क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि आसपास के कई लोगों के घर व क्वार्टर प्रभावित हैं। पानी की पाइप टूटने से पेयजल की समस्या भी उत्पन्न हो गई है। वहीं पास में स्थित उर्दू प्राथमिक विद्यालय के बच्चों की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रदर्शन में रमेश बाउरी, चिंता पासवान, जियाउद्दीन खान, केवल कुमार, बिनोद रजवार, शंकर सिंह, रेखा देवी, रेणु देवी, लक्ष्मी देवी, अनील पासवान समेत कई लोग शामिल थे। मोदीडीह कोलियरी के एजेंट गोपालजी ने कहा कि फिलहाल ब्लास्टिंग नहीं की गई है और छठ के बाद पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




