स्लम क्षेत्रों के बच्चों को संवार रहे बीआईटी के छात्र
प्रयास इंडिया, जो बीआईटी सिंदरी के छात्रों द्वारा संचालित है, पिछले डेढ़ दशक से जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान कर रहा है। 2008 में स्थापित, यह संस्था अब 500 से अधिक बच्चों को शिक्षा दे रही...

सिंदरी, नेपाल महतो बीआइटी सिंदरी के छात्रों द्वारा संचालित शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्था प्रयास इंडिया पिछले डेढ़ दशक से स्लम क्षेत्रों के बच्चों में शिक्षा का अलख जगा रही है। इस संस्था में अध्ययन कर चुके बच्चे इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके हैं। आज सिंदरी और आसपास के क्षेत्रों के जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए प्रयास इंडिया वरदान है। बीआईटी सिंदरी के पूर्ववर्ती छात्रों में चंदन, चमन, गजेंद्र महतो आदि की पहल से गठित यह संस्था जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान कर उनके भविष्य को उज्ज्वल बना रही है। सिंदरी क्षेत्र की चार शाखाओं में नर्सरी से 12 वीं कक्षा तक के जरूरतमंद बच्चों को बीआईटी के छात्र निःशुल्क शिक्षा दे रहे हैं।
सैकड़ों बच्चे यहां से पढ़कर 10 वीं व 12वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। अभी भी संस्था की चार शाखाओं में 500 से अधिक बच्चे अध्ययनरत हैं। वर्ष 2008 में बनी थी संस्था वर्ष 2008 में मात्र 25 जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देने के उद्देश्य से गठित शैक्षणिक संस्था प्रयास इंडिया से अभी 500 से अधिक बच्चे अध्ययन कर रहे हैं। ब्लाइंड स्कूल डोमगढ़ के अलावा गोशाला, सिंदरी रेलवे स्टेशन, टासरा ओर चिटाही में बच्चों को निःशुल्क शिक्षा दी जा रही है। शुरुआती दौर में संस्था से जुड़े छात्र अपनी पाकेट मनी से बच्चों को सहयोग करते थे। उन्हें पाठ्य सामग्री देते थे। पूर्ववर्ती छात्र देते हैं आर्थिक सहयोग संस्था का संचालन बीआईटी के अंतिम वर्ष के छात्र करते हैं। आर्थिक सहयोग बीआईटी के ही पूर्ववर्ती छात्र करते हैं। संस्था के अध्यक्ष अभिनीत कुमार, सचिव गणेश कुमार शर्मा व कोषाध्यक्ष उपेन महतो ने बताया कि छात्रों की ओर से शुरू किए गए सामाजिक कार्य को आगे बढ़ाने में काफी खुशी मिल रही है। अबोध्या कार्यक्रम से बच्चों को दी जाती है उच्च शिक्षा अभिनीत, गणेश और उपेन ने बताया कि 10वीं और 12वीं की परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करनेवाले जरूरतमंद बच्चों को अबोध्या कार्यक्रम के तहत उच्च शिक्षा दिलाते हैं। अभी दस से अधिक बच्चे बीआईटी सिंदरी में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। उनमें विनोद कुमार, उत्तम कुमार दास और मिथुन कुमार दास शामिल हैं। इन्हें संस्था आर्थिक सहयोग कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




