Dhanbad News: वेस्ट मोदीडीह कॉलोनी में बिजली-पानी संकट पर प्रदर्शन, उत्पादन ठप करने की चेतावनी
Dhanbad News: वेस्ट मोदीडीह कॉलोनी के लोगों ने बिजली और पानी की समस्या को लेकर बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। आंदोलन का नेतृत्व राममूर्ति सिंह ने किया। पिछले तीन दिनों से जल और बिजली की कमी के कारण स्थानीय निवासी परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान ना होने पर कोलियरी का उत्पादन बाधित हो सकता है।

Dhanbad News: सिजुआ, प्रतिनिधि। वेस्ट मोदीडीह कॉलोनी के लोगों ने बिजली व पानी की समस्या को लेकर शुक्रवार को दो नंबर हाजिरी घर के समीप प्रदर्शन कर बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। आंदोलन का नेतृत्व पार्षद सह बिहार जनता खान मजदूर संघ के सचिव राममूर्ति सिंह उर्फ छोटू सिंह ने किया।
प्रदर्शन का कारण
छोटू सिंह ने कहा कि तीन दिन पूर्व वेस्ट मोदीडीह एकीकृत केशलपुर कोलियरी प्रबंधन की लापरवाही से दो नंबर बंद भूमिगत खदान से मोटर पंप व केबल की चोरी हो गई, जिसके बाद से विभिन्न कॉलोनियों में पिट वाटर (खदान का पानी) की आपूर्ति ठप है। वहीं लोगों को नियमित बिजली भी नहीं मिल रही, जिससे कॉलोनियों में अंधेरा पसरा रहता है।
स्थानीय निवासियों की चिंताएं
उन्होंने कहा कि उत्पादन के मामले में वेस्ट मोदीडीह कोलियरी की पूरे बीसीसीएल में अलग पहचान है, लेकिन यहां के लोग आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने से करीब पांच हजार की आबादी खरीदकर पानी पीने को मजबूर हैं।
प्रबंधन को चेतावनी
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन ने शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया तो कोलियरी का उत्पादन कार्य पूरी तरह बाधित कर दिया जाएगा। करीब एक घंटे तक प्रदर्शन के बाद आंदोलनकारी प्रबंधन को चेतावनी देकर लौट गए। प्रदर्शन में जयशंकर यादव, नवनीत सिंह, मीनू मिश्रा, राजू कुमार, रणधीर सिंह, भौमिक महतो, अमरेंद्र कुमार, संतोष सिंह, सूर्यदेव बेलदार, बिरेन्द्र सिंह, अवधेश यादव, कमलेश यादव, सत्येंद्र बेलदार, मनोज सिंह सहित कई लोग मौजूद थे。


