Dhanbad News: शहर में सात घंटे बाधित रही बिजली आपूर्ति
Dhanbad News: धनबाद में दुर्गा पूजा के मद्देनजर, जेबीवीएनएल ने बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जर्जर तारों को बदलने और कवर केबल लगाने का काम तेजी से किया। इससे पेड़ों की छंटाई के दौरान बिजली आपूर्ति करीब सात घंटे बाधित रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

Dhanbad News: धनबाद, संवाददाता। दुर्गा पूजा को लेकर बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए जेबीवीएनएल ने शहर में जर्जर तारों को बदलने और कवर केबल लगाने का काम तेज कर दिया है। विनोद नगर, चीरागोड़ा और लोहारकुल्ही क्षेत्र में शुक्रवार को पेड़ों की छंटाई के साथ बिजली तारों के रखरखाव का काम किया गया। इस कारण संबंधित पावर सब-स्टेशन से सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक करीब सात घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घरों के इंवर्टर ठप पड़ गए। साथ ही जल संकट के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई।
विभाग की ओर से दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। मेंटेनेंस के दौरान खुले और पुराने तारों को हटाकर कवर केबल लगाने पर जोर दिया जा रहा है, जिससे शॉर्ट सर्किट और बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिलेगी। शाम पांच बजे के बाद संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।


