आंधी-बारिश के झटके से दूसरे दिन भी नहीं उबरी बिजली, कई इलाकों में संकट
धनबाद में एक दिन की आंधी-बारिश के कारण बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। गुरुवार को बिजली गुल हुई और शुक्रवार को कुछ क्षेत्रों में लौटने लगी, लेकिन कई इलाकों में संकट अभी भी बना हुआ है। लोगों को...

धनबाद, संवाददाता एक दिन की आंधी-बारिश से बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। गुरुवार की दोपहर दो बजे बिजली गुल हुई, शुक्रवार को तीन बजे के बाद धीरे-धीरे कर लौटी। हालांकि शहर के कई इलाकों में अब भी संकट बरकरार है। दो दिन से बिना बिजली लोग बिलबिला रहे हैं। इधर, खराबी को दूर करने में कर्मियों को पसीने छूट रहे हैं।
बता दें कि गुरुवार को आंधी-बारिश से जगह-जगह पेड़ की डालियां टूट कर बिजली के तार टूट गए थे। कई पोल भी गिरे हैं। इधर, बारिश के कारण कई जगहों पर ट्रांसफॉर्मर भी जल गए हैं। विभाग का कहना है कि जिन मुहल्लों में ट्रांसफॉर्मर की खराबी उत्पन्न हुई, वहां अभी भी बिजली संकट कायम है। लगातार दो दिन तक बिजली नहीं होने से लोगों को पानी संकट का सामना भी करना पड़ा है।
कार्यपालक अभियंता शिवेंद्र कुमार का कहना है कि सभी जगहों पर बिजली सामान्य हो गई। आयकर भवन के पास ट्रांसफॉर्मर जल गया था। एसे बदलकर दूसरा ट्रांसफॉर्मर लगा दिया गया है। धनबाद शहरी क्षेत्र में सभी जगहों पर आपूर्ति कर दी गयी। आंधी-बारिश के आने से सबसे अधिक परेशानी बैनर-पोस्टर के तार व ट्रांसफॉर्मर में लिपट जाने से हुई है। इसे हटाने में काफी मशक्कत हुई। बताया कि जिन मुहल्लों में फ्यूज उड़ा, उसकी जानकारी समय पर नहीं मिलने से लोगों को अधिक देर तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा। जहां-जहां खराबी उत्पन्न होने की जानकारी मिलती रही, समस्या दूर कर दी गई।
कई क्षेत्रों में संकट गहराया
शहर के बरमसिया रानी रोड भूदा, बाबूडीह, विशुनपुर, भूली, रेंगुनी बस्ती सहित आसपास क्षेत्रों में बिजली पूरी रात नहीं रही। इससे लोग परेशान रहे। भूली आम बगान मोड़ पर सरोवर कॉलोनी के पास ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया है। उसे शुक्रवार को भी ठीक नहीं किया गया।
आज बदले जाएंगे ट्रांसफॉर्मर
टीआरडब्लयू के कार्यपालक अभियंता देव प्रसाद दत्ता ने कहा कि अब तक जिले से तीन ट्रांसफॉर्मर की खराबी सामने आई है। जितनी जगहों पर ट्रांसफॉर्मर में खराबी आई है, शनिवार को सभी जगहों से ट्रांसफॉर्मर आ जाएंगे। जिन क्षेत्रों में ट्रांसफॉर्मर जला हुआ आएगा, उसे जल्द ट्रांसफॉर्मर दिया जा रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।