जोड़ापोखर गोलीकांड: रोपवे के केबल विवाद में भाई ही बना जान का दुश्मन, दो आरेापी गिरफ्तार
जोड़ापोखर के डुमरी 2 नंबर स्थित पेट्रोल पंप के पास 29 मई को हुए रोप-वे केबल विवाद और रिक्की सिंह गोलीकांड का पुलिस ने उद्भेदन किया है। गिरफ्तारी में नानक सिंह और आरिफ अंसारी शामिल हैं। घटना में प्रयुक्त बाइक और मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। मुख्य आरोपी फरार हैं।

जोड़ापोखर, प्रतिनिधि। जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के डुमरी 2 नंबर स्थित पेट्रोल पंप के पास बीते 29 मई को हुए बहुचर्चित रोप-वे केबल विवाद और रिक्की सिंह गोलीकांड का पुलिस ने उद्भेदन करने का दावा किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों में नामजद अभियुक्त नानक सिंह (28 वर्ष, निवासी डुमरी 03 नंबर) और अप्राथमिकी अभियुक्त आरिफ अंसारी (19 वर्ष, निवासी आलम नगर) शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो पल्सर बाइक और मोबाइल बरामद किया गया है।
पुलिस की जांच
सिंदरी एसडीपीओ और जोड़ापोखर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता ने रविवार को प्रेस वार्ता कर यह जानकारी दी। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि घायल रिक्की सिंह और उसका भाई गौरव सिंह उर्फ गोपु पहले साथ मिलकर अपराध करते थे। बाद में आपसी रंजिश और विवाद के कारण दोनों अलग हो गए, जिससे दोनों के बीच दुश्मनी बढ़ गई। घटना के दिन गौरव सिंह उर्फ गोपु और हर्ष सिंह अपने साथियों के साथ रिक्की सिंह के घर के पास रखे रोपवे केबल को उठाने पहुंचे थे। इसी दौरान रिक्की सिंह और उसके भाई विजय उर्फ दारा सिंह से उनकी कहासुनी और हाथापाई हो गई। विवाद बढ़ने पर जामाडोबा पेट्रोल पंप के पास हर्ष सिंह ने रिक्की सिंह पर गोली चला दी। घटना के बाद घायल की पत्नी चंदा कौर के बयान पर जोड़ापोखर थाना में कांड संख्या 64/26 दर्ज किया गया था। पुलिस ने गवाहों के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। कड़ाई से पूछताछ के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर बोकारो स्टील रेलवे स्टेशन से घटना में प्रयुक्त दोनों बजाज पल्सर 220 बाइक (जेएच10बीएच-5401 और जेएच10डीबी-8754) बरामद की। इसके साथ ही आरोपी आरिफ के पास से वारदात के समय इस्तेमाल लाल रंग का मोटोरोला स्मार्टफोन भी जब्त किया गया।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार मामले का मुख्य शूटर हर्ष सिंह और गौरव सिंह उर्फ गोपु समेत अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। इस सफल उद्भेदन टीम में थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक उदय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर अनुप कुमार, शिव कुमार, एएसआई धर्मेंद्र कुमार, सिकंदर कुमार रजक और रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


