
फहीम खान के साला सहित 12 ठिकानों पर दबिश
धनबाद पुलिस ने वासेपुर के कुख्यात प्रिंस खान के करीबी लोगों के घरों पर दबिश दी। छापेमारी में 12 ठिकानों से ढाई लाख रुपए नकद, जमीन के डीड, पासबुक और चेक जब्त किए गए। प्रिंस खान दुबई में छिपा हुआ है और पुलिस उसके नेटवर्क को तोड़ने में लगी हुई है।
धनबाद, मुख्य संवाददाता वासेपुर के कुख्यात प्रिंस खान के करीबियों के घर एक बार फिर धनबाद पुलिस की टीम ने दबिश दी। वासेपुर, पांडरपाला और भूली ओपी क्षेत्र के कुल 12 ठिकानों पर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने सोमवार की सुबह पांच बजे एक साथ छापेमारी की। करीमगंज में पुलिस ने भोलू खान के भाई व गैंगस्टर फहीम खान के साले बबलू खान के घर को भी खंगाला। छापेमारी में एक ठिकाने से ढाई लाख रुपए नकद, जमीन के 40 डीड, कई पासबुक, चेक, रजिस्टर सहित अन्य आपत्तिजनक चीजें जब्त की गईं। दुबई में छिप कर प्रिंस खान अपने करीबियों की मदद से धनबाद सहित राज्य के दूसरे जिलों में कारोबारियों को रंगदारी के लिए तंग कर रहा है।
पुलिस लगातार प्रिंस के गुर्गों को दबोच कर जेल भेज रही है, लेकिन वह बाज नहीं आ रहा है। प्रिंस और उसके शागिर्दों की कारस्तानी के खिलाफ पुलिस ने सोमवार को फिर एक बार धनबाद में मुहिम छेड़ी। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, प्रशिक्षु आईपीएस अंकित सिन्हा की अगुवाई में डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम, डीएसपी मुख्यालय शंकर कामती, ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह, सीसीआर डीएसपी सुमित कुमार, साइबर डीएसपी संजीव कुमार, बैंक मोड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, धनबाद थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडेय सहित अन्य इंस्पेक्टर, करीब 32 दारोगा कार्रवाई में शामिल थे। पांच लोगों को हिरासत में लेकर हो रही पूछताछ पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है। उनके घरों से जब्त नकद और प्रिंस खान के रंगदारी के हिसाब वाले रजिस्टर के साथ चेकबुक और पासबुक के संबंध में पूछताछ हो रही है। सटीक जवाब नहीं मिलने पर प्रिंस के करीबियों को जेल भेजने की तैयारी है। पुलिस के अनुसार नदीम खान ने व्यापार का पैसा होने का दावा किया है। पुलिस तकनीकी साक्ष्य खंगाल रही है। --- प्रिंस खान विदेश में छुपा है। पुलिस लगातार उसके नेटवर्क को ध्वस्त कर रही है। प्रिंस खान के खिलाफ राज्य व केंद्र सरकार की अलग-अलग टीम मिलकर काम कर रही है। -आनंद प्रकाश, डीआईजी, कोयला क्षेत्र बोकारो --- ---

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




