बच्चा चोरी की अफवाह में मारपीट के मामले में 10 नामजद समेत 50-60 पर प्राथमिकी
बुधवार सुबह ईस्ट बसूरिया ओपी क्षेत्र के निछानी गांव में बच्चा चोरी की अफवाह फैलाकर चार महिलाओं के साथ मारपीट की गई। पुलिस ने 10 नामजद सहित 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। महिलाएं पुराने कपड़े एकत्र कर जीविका चलाती थीं। पुलिस ने घटना के बाद स्थिति को नियंत्रित किया और महिलाओं को बचाया।

ईस्ट बसूरिया ओपी क्षेत्र के निछानी गांव स्थित पुलिया के समीप बुधवार सुबह करीब 10 बजे बच्चा चोरी की अफवाह फैलाकर चार महिलाओं के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने 10 नामजद सहित 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पीड़िता इसरावती (पति धर्मेंद्र कुमार), निवासी देवरिया (उत्तर प्रदेश), ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह अपनी साथी बिंदु देवी, रबीना और सुनीता के साथ नदी में हाथ-पैर धो रही थी। वे लोग गांव-गांव घूमकर पुराने कपड़े एकत्र कर उसे बेचकर जीविकोपार्जन करती हैं। इसी दौरान कुछ महिला-पुरुष वहां पहुंचे और बच्चा चोरी का झूठा आरोप लगाते हुए गाली-गलौज व लाठी-डंडे से मारपीट करने लगे।
आरोप है कि उन्हें जान से मारने की नीयत से हमला कर घायल किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चारों महिलाओं को भीड़ से बचाया। बताया जाता है कि सुबह सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कतरास सर्किल इंस्पेक्टर मुकेश चौधरी के नेतृत्व में तेतुलमारी, अंगारपथरा, कतरास थाना, ईस्ट बसूरिया ओपी व महिला थाना की पुलिस पहुंची और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने हिरासत में लेकर चारों महिलाओं से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में वे उत्तर प्रदेश के देवरिया, गोरखपुर व मऊ की रहने वाली बताई गई हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और अफवाह फैलाने वालों की पहचान की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



