मुठभेड़ में प्रिंस खान के दो गुर्गों को लगी गोली, तीसरे का टूटा पैर
धनबाद में प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। मुठभेड़ के दौरान दो गिरोह के सदस्यों को गोली लगी और एक अन्य घायल हुआ। पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो रांची रेस्टोरेंट फायरिंग और अन्य अपराधों में शामिल थे। गिरोह के सदस्यों की धर-पकड़ के लिए प्रयास जारी हैं।

धनबाद, मुख्य संवाददाता। वासेपुर के कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ पुलिस की सख्ती जारी है। केंदुआडीह के भागाबांध चानक के पास सोमवार की रात तीन बजे से सुबह चार बजे के बीच प्रिंस गिरोह के सदस्यों की धनबाद और रांची की स्पेशल पुलिस टीम के साथ मुठभेड़ हुई। गोलीबारी में प्रिंस के दो गुर्गों को पैर में गोली लगी, जबकि मुठभेड़ का फायदा उठाकर पुलिस हिरासत से भागने में गिरकर वासेपुर के नीचे मुहल्ला निवासी अफजल खान उर्फ अमन का पैर टूट गया। प्रिंस खान गिरोह के करकेंद के श्याम कोठी निवासी विक्की डोम और पलामू जिले के अमन सिंह उर्फ कुबेर के पैर में गोली लगी है।
पुलिस प्रिंस के गुर्गों की धर-पकड़ में जुटी थी। पुलिस ने बताया कि हाल के दिनों में पलामू का अमन सिंह अपना छद्म नाम कुबेर बताकर प्रिंस खान के लिए रांची और आसपास के जिलों में रंगदारी मांग रहा था। रांची पुलिस की स्पेशल टीम कुबेर को खोजते हुए धनबाद पहुंची। उसकी निशानदेही पर अफजल को पकड़ा। अफजल ने बताया कि उसके गिरोह के लड़के केंदुआडीह के भागाबांध चानक के पास खंडहर में रुके हैं। रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम अफजल और कुबेर के पास देर रात तीन बजे से सुबह चार बजे के बीच खंडहर को खोजते हुए पहुंची।अफजल ने चिल्लाया पुलिस... पुलिस..., विक्की ने कुबेर को मार दी गोलीपुलिस ने बताया कि भागाबांध चानक स्थित खंडहर के पास पहुंचते ही अफजल और कुबेर ने पुलिस-पुलिस... चिल्लाने लगे। गिरोह के चार साथी वहां थे। शोर सुनते ही करकेंद के श्याम कोठी निवासी विक्की डोम ने फायरिंग शुरू कर दी। विक्की की फायरिंग में एक गोली प्रिंस गिरोह के कुबेर के पैर में लग गई। फायरिंग के जवाब में रांची और धनबाद पुलिस ने विक्की के पैर में गोली मार कर उसे वहीं गिरा दिया। विक्की को गोली लगने के बाद उसके तीन साथ भाग गए। इधर, अफजल भी भागने का प्रयास करने लगा। भागने के दौरान गिर कर वह घायल हो गया। एनकाउंटर के बाद एसएसपी प्रभात कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।रांची रेस्टोरेंट फायरिंग व इकबाल की हत्या की साजिश में था हाथ: पुलिस ने मुठभेड़ के बाद प्रिंस खान के गुर्गे अफजल उर्फ अमन, पलामू के अमन सिंह उर्फ कुबेर, श्याम कोठी के विक्की डोम के अलावा अन्य तीन को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा मुठभेड़ के दौरान भागे अन्य तीन की तलाश चल रही है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि अफजल, कुबेर और विक्की डोम की रांची रेस्टोरेंट फायरिंग में प्रत्यक्ष भूमिका थी। चर्चा है कि रेस्टोरेंट पर फायरिंग करने वाले को भी पुलिस ने पकड़ लिया है।आरोपियों ने 20 फरवरी को वासेपुर के गैंगस्टर फहीम खान के बेटे इकबाल के ड्राइवर बबली खान उर्फ हैदर अंसारी पर हुई फायरिंग में भी अपनी संलिप्तता कबूल की है। मुठभेड़ से पूर्व धनबाद और रांची पुलिस ने अफजल और कुबेर को आमने-सामने बैठा कर पूछताछ की थी। दोनों ने माना कि वह प्रिंस खान से सीधेतौर पर जुड़े थे। कुबेर ने बताया कि वासेपुर के गैंगस्टर फहीम खान के साले टुन्ना खान के पुत्र अफजल उर्फ अमन के साथ मिल कर वह गिरोह के लिए शूटर, बाइक, हथियार का जुगाड़ कर रहा था। साथ ही रंगदारी से वसूली गई रकम को प्रिंस तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संभाल रहा था। रांची पुलिस को जब इस संबंध में जानकारी मिली तो रांची से एक स्पेशल टीम उसे ढूढ़ते हुए धनबाद पहुंची। उसे दबोचा तो उसने अफजल का नाम बताया। कुबेर की सुजीत सिन्हा गिरोह से भी संबंध होने की बात कही जा रही है।एसएसपी के अलावा सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम, सिंदरी डीएसपी आशुतोष सत्यम, कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, बैंक मोड़ थाना प्रभारी असित कुमार, पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन, केंदुआडीह अंचल पुलिस निरीक्षक जेपी महतो, भागाबांध ओपी प्रभारी धर्मराज कुमार, बोर्रागढ़ ओपी प्रभारी निरंजन कुमार, मुनीडीह ओपी प्रभारी मनिता कुमारी आदि घटनास्थल पहुंचे।कुबेर के मोबाइल से प्रिंस के वीडियो कॉल का मिला स्क्रीन शॉट: पुलिस ने जब कुबेर का मोबाइल खंगाला तो उसमें प्रिंस खान से वीडियो कॉल का स्क्रीन शॉट मिला। पुलिस ने उस फोटो को साझा किया है, जिसमें प्रिंस खान तंग हाल में दिख रहा है। उसके सिर के बाल उड़े थे और चेहरे पर झुर्रियां व चिंता की लकीरें नजर आ रही थीं। आरोपियों के मोबाइल से पुलिस को कई सफेदपोश के गिरोह को मदद करने का भी प्रमाण मिला है।प्रिंस खान के कई गुर्गे हैं पुलिस हिरासत में: प्रिंस खान से नजदीकी होने के संदेह में धनबाद पुलिस की विशेष टीम कई लड़कों से पूछताछ कर रही है, जिसमें मटकुरिया में मेडिकल दुकान चलाने वाला शदाब, वासेपुर के रफीक बावर्ची का पुत्र बाबू, पलामू के क्रिकेटर रौनक कुमार सिंह, केंदुआडीह का सोनू नायक सहित अन्य के शामिल होने की बात कही जा रही है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि इनकी भूमिका गिरोह के मददगारों के रूप में थी या नहीं।हत्या के केस में अपील बेल पर बाहर है अफजल उर्फ अमन: अफजल उर्फ अमन वासेपुर के वासेपुर नीचे मुहल्ले में रहता है। वह वासेपुर के गैंगस्टर प्रिंस खान के साले टुन्ना खान का पुत्र है। 2017 में वासेपुर में हुई अरबाज उर्फ विक्की की हत्या में उसे निचली अदालत से उम्र कैद की सजा हुई थी। फिलहाल वह अपील बेल पर जेल से बाहर है। उसके प्रिंस खान से नजदीकी संबंध का पुलिस को पता चला है। विक्की डोम का भी आपराधिक इतिहास रहा है। विक्की पर छह फरवरी-2016 को केंदुआडीह बाजार में संजय खटिक की गोली मार कर हत्या करने का आरोप था। लूट, मारपीट, जानलेवा हमले के कई मामलों में पुलिस उसे जेल भेज चुकी है।प्रिंस के पांचवें गुर्गे को लगी गोली: प्रिंस खान के पांच गुर्गों के अबतक पैर में गोली लग चुकी है। 31 अक्तूबर 2023 को सबसे पहले पुलिस ने प्रिंस के गुर्गे छोटू को गोली मारी थी। उसने बैंक मोड़ के एक कार पार्ट्स के दुकानदार के जबड़े में गोली मारी थी। दूसरी बार 14 अक्तूबर 2025 को पुलिस ने प्रिंस के लिए काम करने वाले जमशेदपुर के भानु मांझी के पैर में गोली मारी। इसी महीने आठ मार्च को पुलिस ने विनोद नगर के सुधीश ओझा के पैर में गोली मारी थी।सुधीश को पुलिस ने भेजा जेल: धनबाद पब्लिक स्कूल के बगल में भूईफोड़ पहाड़ की तलहली में आठ मार्च को पुलिस ने प्रिंस के गुर्गे सुधीश को गोली मारी थी। आठ दिनों तक लंबे इलाज के बाद सोमवार को पुलिस ने सुधीश को न्यायालय में पेश किया। व्हीलचेयर पर कोर्ट में पेश सुशीध को न्यायालय ने 14 दिनों के न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। उसने पुलिस के समक्ष गिरोह के संबंध में कई खुलासे किए हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


