
प्रिंस खान के गुर्गे अफरीदी और आशीष को पुलिस ने लिया रिमांड पर
संक्षेप: धनबाद में पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के दो सहयोगियों अफरीदी सिद्धीकी और लक्की विशाल को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। पूछताछ में पता चला कि वे रंगदारी के लिए व्यवसायियों को धमकाने और फायरिंग...
धनबाद, मुख्य संवाददाता कुख्यात प्रिंस खान के लिए काम करनेवाले वासेपुर कमर मखदुमी रोड निवासी अफरीदी राजा उर्फ अफरीदी सिद्धीकी और जमशेदपुर हलुतबनी नामोटोला परसुडीह निवासी लक्की विशाल उर्फ छोटू उर्फ विशाल को पुलिस ने गुरुवार को रिमांड पर लिया। दोनों को कोर्ट के आदेश पर दो दिनों के रिमांड पर लेकर पुलिस ने पूछताछ शुरू की। लक्की और अफरीदी को पुलिस ने 13 अक्तूबर को राजगंज थाना में दर्ज आर्म्स एक्ट में जेल भेजा था। पूछताछ में अफरीदी ने पुलिस को बताया कि अगस्त महीने में सैफी उर्फ मेजर ने फोन कर उसे रंगदारी के लिए व्यवसायियों को धमकाने की बात कही थी।
वह 2024 में जेल से निकला था। मेजर ने बताया था कि राजगंज के पेट्रोल पंप पर फायरिंग के लिए जमशेदपुर से लड़के आएंगे। उनके रहने, खाने, हथियार और बाइक की व्यवस्था अफरीदी को करनी थी। इसके लिए उसे तौकिर के माध्यम से 50 हजार रुपए देने की बात कही गई थी। नौ सितंबर को उसने जमशेदुपर से आए लक्की विशाल और भानू मांझी को प्रिंस के पुराने घर पर खाना खिलाया था। लक्की ने पुलिस को बताया कि भानू मांझी ने उसे सूरज टांडी और आशीष सिंह को प्रिंस खान और सैफी के लिए काम करने की बात कही थी। इसके बदले ढाई से तीन लाख रुपए देने का वादा किया गया था। नौ सितंबर को वह और भानू ट्रेन से धनबाद स्टेशन आए। दोनों वासेपुर न्यू मस्जिद कमर मखदुमी रोड निवासी तौकिर के साथ प्रिंस के घर पर गए। वहां तौकिर ने उन लोगों को हथियार, गोली और बाइक दिया। घटना के दिन तौकिर उसे और भानू को लेकर भूली की ओर से काको चौक होते हुए बीरबल मंडल के घर के बगल से बीरबल के पेट्रोल पंप तक गया था। वहां पेट्रोल पंप पर फायरिंग के बाद वह भानू के साथ बोकारो होते हुए जमशेदपुर भाग गया था। सुपारी की रकम मांगने पर उसे बताया गया था कि जब तक रंगदारी नहीं मिलेगी, तब तक सुपारी की रकम नहीं मिलेगी। लक्की दोबारा भानू के साथ धनबाद आया और फिर राजगंज में पेट्रोल पंप में फायरिंग करने जा रहा था। इसी बीच पुलिस ने उसे पकड़ लिया था। पुलिस दोनों से गिरोह के अन्य साथियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। --- रितिक खान पहुंचा दुबई, गिरोह को दे रहा धार पुलिस को जानकारी मिली है कि गोपी खान का साला रितिक खान भी वर्ष 2024 में देश छोड़ कर दुबई पहुंच गया है। जमशेदपुर, चाईबासा और डाल्टनगंज के अपराधियों को गिरोह से रितिक ही जोड़ रहा है। वर्ष 2018 में रितिक खान को धनबाद से चाईबासा जेल शिफ्ट किया गया था। चाईबासा जेल में रहते रितिक खान भानू मांझी गिरोह के नजदीक आया था। पुलिस को पता चला है कि प्रिंस खान और सैफी व्यवसायियों को धमकी देते हैं और गोपी खान के इशारे पर रितिक ही शूटरों को तैयार कर रंगदारी के लिए उनसे गोली चलवा रहा है। वासेपुर के लड़के लोकल लिंक का काम संभाल रहे हैं। पुलिस प्रिंस के पूरे नेटवर्क को तबाह करने में जुट गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




