मुहर्रम को लेकर सात जोन में बंटा धनबाद, नियंत्रण कक्ष बनाया गया
धनबाद में मुहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए जिला प्रशासन ने सात जोनों में बंटवारा किया है। नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है जो 6 जुलाई से 7 जुलाई तक काम करेगा। सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस और...

धनबाद, प्रमुख संवाददाता मुहर्रम को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए डीसी सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार तथा प्रभारी एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद ने संयुक्त आदेश जारी कर जिले को कतरास, धनबाद, चिरकुंडा, तोपचांची, झरिया, गोविंदपुर एवं टुंडी समेत सात जोन में बांटा है। विधि व्यवस्था पर नजर रखने के लिए नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है। यह छह जुलाई की सुबह 6 बजे से लेकर सात जुलाई सुबह छह बजे तक कार्यरत रहेगा। नियंत्रण कक्ष का फोन नंबर 0326- 2311217, 2311807, 112, 118 व 100 है। शुक्रवार को जारी आदेश में सभी जोन में जोनल दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी, सभी थाना व ओपी में प्रभारियों के साथ दंडाधिकारी मौजूद रहेंगे।
साथ ही सभी थाना क्षेत्र में पुलिस का चलंत दस्ता लगातार भ्रमणशील रहेगा। क्विक रिस्पॉन्स टीम भी मौजूद रहेगी। एसडीओ राजेश कुमार जिला नियंत्रण कक्ष के संपूर्ण प्रभार में रहेंगे जबकि डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार पुलिस पदाधिकारी के वरीय प्रभार में रहेंगे। संयुक्त आदेश में पेयजल आपूर्ति, साफ सफाई, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों को लेकर दिशा निर्देश दिए गए हैं। सभी बीडीओ एवं सीओ अपने-अपने क्षेत्र में विधि व्यवस्था की स्थिति पर सतत निगरानी रखेंगे। सभी पदाधिकारी, सुपरवाइजर एवं कर्मी को मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा प्रशासनिक आदेश का अनुपालन करने के लिए उपलब्ध रहने का भी निर्देश दिया गया है।


