Dhanbad News: शहर में पार्किंग की जगह नहीं, दुर्गापूजा में रेंगती रहेंगी गाड़ियां
Dhanbad News: दुर्गापूजा के दौरान शहर में पार्किंग की समस्या से लोगों को जूझना पड़ता है। पूजा पंडालों के पास पार्किंग की कोई निर्धारित जगह नहीं होने से यातायात की भीड़ बढ़ जाती है। जिला प्रशासन को खाली मैदानों की पहचान करके अस्थायी पार्किंग की आवश्यकता है ताकि श्रद्धालु पूजा के दौरान आसानी से जा सकें।

Dhanbad News: अपने चारपहिया वाहन से शहर के पूजा पंडालों में घूमने की योजना बनाने वाले लोगों के दिमाग में सबसे पहले यह बात आती है कि गाड़ी की पार्किंग कहां करेंगे। इस सवाल का जवाब न दुर्गापूजा कमेटी के पास है और न ही नगर निगम या जिला प्रशासन ही इसका मुक्कमल इंतजाम कर पाता है। शहरी क्षेत्र में पार्किंग के लिए जगह नहीं रहने का खामियाजा दुर्गापूजा के दौरान घूमने निकलने वाले लोगों को भुगतना पड़ता है। 16 अक्तूबर से शहर के पूजा पंडालों के पट खुलने लगेंगे। पट खुलते ही सड़कों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेगी। किराए की गाड़ी से लेकर निजी वाहनों से घूमने निकलने वाले लोग इस जाम में फंसकर सभी पूजा पंडालों का दर्शन तक नहीं कर पाते हैं। शहर में सबसे अधिक भीड़ झारखंड मैदान पूजा पंडाल और स्टीलगेट में होती है। दोनों ही जगहों पर पार्किंग के लिए कोई निर्धारित स्थल नहीं है। पूजा कमेटी की ओर से सड़क के किनारे ही वॉलेंटियर के भरोसे पार्किंग कराई जाती है लेकिन इससे जाम की समस्या कम नहीं हो पाती है। स्टीलगेट में वाहनों को पंडाल से पहले रोक दिया जाता है, लेकिन पार्किंग सड़क के किनारे ही कराई जाती है।
खाली मैदानों को चिह्नित कर अस्थायी पार्किंग बनाएं
पूजा पंडालों के आसपास जिला प्रशासन को खाली जमीन या मैदान को चिह्नित करते हुए वहां अस्थायी पार्किंग की सुविधा पूजा के दौरान की जा सकती है। मनईटांड़, पुराना बाजार, बैंकमोड़ के पूजा पंडालों के लिए साउथ साइड सड़क पर पार्किंग हो सकती है। वहीं झारखंड मैदान के लिए धनबाद अंचल कार्यालय में एक विकल्प के रूप में देखा जा सकता है।
भूली बी ब्लॉक पंडाल के पास पार्किंग नहीं
भूली में एक किलोमीटर के दायरे में छह पूजा पंडाल रहने से यहां भी लोगों की काफी भीड़ जुटती है। यहां भी पार्किंग की समस्या विकराल है। ए ब्लॉक पूजा पंडाल आनेवाले वाहनों को भूली थाना के सामने लगाया जाता है। वहीं बी ब्लॉक में बुधनी हटिया के समीप पार्किंग करायी जाती है लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। सी ब्लॉक में भी पार्किंग की व्यवस्था नहीं है।

