शुरू से ही अनुशासित रहीं हैं जिला टॉपर कौशिकी
डिनोबिली स्कूल, डिगवाडीह की मेधावी छात्रा कौशिकी दत्ता ने आईएससी 2026 की परीक्षा में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे झरिया क्षेत्र का नाम रोशन किया। उन्होंने गणित, कंप्यूटर और सामाजिक विज्ञान में शत-प्रतिशत अंक हासिल किए। कौशिकी का सपना इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना है।

डिनोबिली स्कूल, डिगवाडीह की मेधावी छात्रा कौशिकी दत्ता ने आईएससी 2026 की परीक्षा में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय के साथ-साथ पूरे झरिया क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कौशिकी ने तीन प्रमुख विषयों गणित, कंप्यूटर और सामाजिक विज्ञान में शत-प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का परिचय दिया। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार और स्कूल प्रबंधन में उत्सव का माहौल है। कौशिकी को हिंदी में 99, विज्ञान में 97 और अंग्रेजी में 96 अंक मिले हैं। उन्होंने बताया कि उनकी इस सफलता का राज छह से सात घंटे की नियमित पढ़ाई, शिक्षकों द्वारा दिए गए नोट्स और माता-पिता का निरंतर प्रोत्साहन है।
वह भविष्य में अपने पिता की तरह इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना चाहती हैं।कौशिकी के पिता कौशिक दत्ता एक पावर प्लांट में इंजीनियर हैं और उनकी मां मौशिमी दत्ता गृहिणी हैं। कौशिकी अपने परिवार की इकलौती संतान हैं और पढ़ाई के लिए वह संथालडीह में रहती थीं। वर्तमान में वह बेंडल (कोलकाता) में अपने परिवार के साथ इस सफलता का जश्न मना रही हैं। विद्यालय के प्राचार्य फादर सुशील सुमन केरकेट्टा ने कौशिकी की सराहना करते हुए कहा कि वह प्रारंभ से ही एक अनुशासित और मेधावी छात्रा रही हैं। स्कूल प्रबंधन ने जल्द ही उन्हें एक समारोह में सम्मानित करने की घोषणा की है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष विद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिसमें शामिल सभी 169 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


