सरकारी स्कूलों में गर्मी छुट्टी में भी ऑनलाइन क्लास
- झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परियाद रांची ने जारी किया आदेश- डीएसई व डीईओ को दिया निर्देश, कराएं अनुपालन धनबाद/ मुख्य संवाददाता जिले के...
सरकारी स्कूलों में गर्मी छुट्टी में भी ऑनलाइन क्लास
धनबाद/ मुख्य संवाददाता
सरकारी स्कूल के छात्र-छात्राओं के लिए गर्मी छुट्टी नहीं होगी। 17 मई से 5 जून तक प्रस्तावित गर्मी छुट्टी में भी शिक्षक ऑनलाइन क्लास का संचालन करेंगे। प्रत्येक दिन छात्र-छात्राओं को डिजिटकल कंटेंट मिलेगा। इसका नियमित मॉनिटरिंग (अनुश्रवण) करेंगे। वहीं गर्मी छुट्टी के दौरान भी ऑनलाइन पढ़ाई के आदेश का विरोध शुरू हो गया है। झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद रांची ने सभी डीईओ और डीएसई को पत्र भेजकर स्पष्ट कहा कि कोरोना महामारी के कारण स्कूल बंद है। इस कारण लर्निंग लॉस (अधिकगम क्षति) हुई है। लर्निंग लॉस कम करने के लिए यह निर्णय लिया गया कि 17 मई से डिजी साथ के तहत क्लासवाइज निर्धारित पाठ्यक्रम व साप्ताहिक अधिगम योजना के अनुरूप डिजिटल शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। जेसीईआरटी ने जारी आदेश में कहा कि सत्र 2021-22 के लिए निर्धारित ग्रीष्मावकाश की अवधि में भी डिजी साथ द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे डिजिटल शैक्षिक सामग्री व साप्ताहिक अधिगम योजना के अनुसार ऑनलाइन क्लास का संचालन करेंगे।
गर्मी छुट्टी में पढ़ाई का विरोध शुरू
विभिन्न शिक्षक संघों ने गर्मी छुट्टी में पढ़ाई का विरोध किया है। अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष संजय कुमार का कहना है कि गर्मी छुट्टी को अघोषित रूप से समाप्त किया जाना गलत है, जिसपर पुनर्विचार हो। प्रदेश संघ ने जेसीईआरटी के समक्ष अपनी बात रखी है। झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नेहरू हेम्ब्रम व जिला प्रधान सचिव उज्ज्वल तिवारी का कहना है कि विभाग इसपर पुनर्विचार करे। जब ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल कंटेंट भेजने, मॉनिटरिंग करने समेत अन्य सभी कार्य करेंगे, तो इसे गर्मी छुट्टी कैसे कहेंगे।