ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड धनबादकार्तिक पूर्णिमा पर आज लगेगी आस्था की डुबकी

कार्तिक पूर्णिमा पर आज लगेगी आस्था की डुबकी

कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को आस्था की डुबकी लगेगी। शहर की दामोदर और बराकर नदी में श्रद्धालु स्नान...

कार्तिक पूर्णिमा पर आज लगेगी आस्था की डुबकी
हिन्दुस्तान टीम,धनबादTue, 12 Nov 2019 02:51 AM
ऐप पर पढ़ें

कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को आस्था की डुबकी लगेगी। शहर की दामोदर और बराकर नदी में श्रद्धालु स्नान करेंगे। हिन्दू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन को दामोदर के नाम से भी जाना जाता है। दामोदर भगवान विष्णु का ही एक नाम है। कार्तिक पूर्णिमा का दिन काफी पवित्र और शुभ माना जाता है। मान्यता के अनुसार इस दिन पवित्र नदियों में स्नान करने से पुण्य फल की प्राप्ति होती है। कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली भी कहते हैं। मंगलवार की सुबह से दामोदर नदी और बराकर नदी में स्नान के लिए लोग श्रद्धालु उमड़ते हैं।

ज्योतिषाचार्य पंडित रमेश चंद्र त्रिपाठी बताते हैं कि इस वर्ष कार्तिक पूर्णिमा की तिथि की शुरुआत 11 नवंबर की सोमवार की शाम 6.02 बजे से ही हो गई, जो मंगलवार की शाम सात बजकर 04 मिनट तक रहेगा। इस तिथि पर सर्वार्थ सिद्धि योग बन रहा है, जो काफी फलदायी है। इस योग में किए गए सभी काम जल्द सफल होने की मान्यता है। किसी नए काम की शुरुआत करने के लिए मंगलवार का दिन काफी उत्तम होने वाला है। कार्तिक पूर्णिमा पर पंचक व्रत का भी समापन हो रहा है।

गुण और फलों से पूर्ण कार्तिक पूर्णिमा

पंडित ऋषिकेश कहते हैं कि कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान विष्णु चातुर्मास के बाद जागृत अवस्था में होते हैं। भागवत पुराण के मुताबिक भगवान श्री कृष्ण ने इसी दिन रास रचाए थे। भगवान विष्णु ने कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही मत्स्य अवतार लिया था। भगवान शिव ने राक्षस त्रिपुरासुर का संहार भी इसी तिथि को किया था। गुरुनानक देव महाराज का जन्मदिन भी इसी दिन था। खड़ेश्वरी मंदिर के पुजारी मनोज पांडेय बताते हैं कि इस दिन विष्णु प्रिया तुलसी महारानी के समक्ष दीपक जलाने चाहिए।

शक्ति मंदिर में दीपदान महोत्सव

कार्तिक पूर्णिमा पर शक्ति मंदिर में दीपदान महोत्सव का आयोजन किया गया है। प्रबंधक ब्रजेश मिश्रा ने बताया कि इस तिथि को देव दीपावली के रूप में मनाया जाता है। भक्त दीपदान करते हैं। वहीं शहर के खड़ेश्वरी मंदिर में तीन बजे से कीर्तन होगा। शाम में दीपदान का कार्यक्रम रखा गया है। भूईफोड़ मंदिर में भी दीपदान के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ेगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें