
डीडीसी ने किया सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण
धनबाद के नए उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए दिशा निर्देश दिए और ओपीडी रजिस्ट्रेशन के दौरान भीड़ को सुव्यवस्थित करने की सलाह दी। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत मोतियाबिंद सर्जरी को जल्द शुरू करने का निर्देश दिया।
धनबाद, प्रमुख संवाददाता जिले के नए उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सन्नी राज ने सोमवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उन्हें अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। डीडीसी ने विशेष रूप से अस्पताल के मुख्य द्वार पर ओपीडी रजिस्ट्रेशन के दौरान लगने वाली भीड़ पर चिंता जताई और निर्देश दिया कि इसे कहीं अन्य स्थान पर सुव्यवस्थित किया जाए ताकि मरीजों को अनावश्यक परेशानी न हो। निरीक्षण के क्रम में डीडीसी ने आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के अंतर्गत संचालित मोतियाबिंद सर्जरी के बंद होने के कारणों की जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इसे जल्द से जल्द पुनः शुरू कराने का निर्देश दिया ताकि जरूरतमंद मरीजों को इसका लाभ मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने बायो मेडिकल वेस्ट का निपटान निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार करने, अस्पताल के सभी वार्डों सहित पूरे परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, पर्याप्त संख्या में डस्टबिन उपलब्ध कराने तथा मरीजों के रिकॉर्ड का सही ढंग से संधारण करने के निर्देश दिए। डीडीसी ने कुपोषण उपचार केंद्र (एमटीसी) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने एमटीसी से डिस्चार्ज होने के एक माह बाद गंभीर और मध्यम रूप से कुपोषित बच्चों की पोषण सखी एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं द्वारा नियमित और प्रभावी ट्रैकिंग कराने का निर्देश दिया। साथ ही हर बच्चे का फॉलोअप रिपोर्ट निर्धारित फॉर्मेट में उपलब्ध कराने और डिस्प्ले बोर्ड पर सभी शिफ्ट में कार्यरत डॉक्टरों की अद्यतन संपर्क जानकारी प्रदर्शित रखने को कहा। निरीक्षण के दौरान डीडीसी के साथ सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार, डीएमएफटी पीएमयू टीम के सदस्य एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। डीडीसी ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




