
सभी स्वास्थ्य कर्मियों को लगेगा हेपेटाइटिस बी का टीका
संक्षेप: धनबाद में स्वास्थ्य कर्मियों को हेपेटाइटिस बी से सुरक्षा देने के लिए राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। सभी डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन दी जाएगी। अभियान का उद्देश्य उन कर्मियों को सुरक्षित रखना है, जो मरीजों के संपर्क में रहते हैं। धनबाद मेडिकल कॉलेज में भी वैक्सीनेशन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
धनबाद, प्रमुख संवाददाता देशभर में स्वास्थ्य कर्मियों को हेपेटाइटिस बी से सुरक्षा देने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत हर राज्य को हेपेटाइटिस बी (अडल्ट वैक्सीन) का कोटा निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में धनबाद को भी हेपेटाइटिस बी वैक्सीन दी गई है ताकि यहां कार्यरत सभी डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों को संक्रमण से सुरक्षा दी जा सके। अधिकारियों के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य क्षेत्र के उन कर्मियों को सुरक्षित रखना है, जो रोजाना मरीजों के संपर्क में आने के कारण संक्रमण के उच्च जोखिम में रहते हैं। इस दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने पहल शुरू कर दी है।

धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भी सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों को वैक्सीन लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मेडिकल कॉलेज के पीएसएम के विभागाध्यक्ष डॉ रवि रंजन झा ने बताया कि सभी विभागाध्यक्षों से उनके अधीन कार्यरत डॉक्टरों और कर्मचारियों की सूची मांगी गई है ताकि चरणबद्ध तरीके से सभी को हेपेटाइटिस बी का टीका लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि इस वैक्सीन से स्वास्थ्यकर्मियों को गंभीर संक्रमण से बचाव मिलेगा और कार्य के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित होगी। वहीं स्वास्थ्य विभाग के जिला कार्यालय स्तर पर भी टीकाकरण अभियान की तैयारी शुरू कर दी गई है। विभाग के निर्देशानुसार सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और मेडिकल कॉलेज के कर्मियों को टीका लगाया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




